सवाई माधोपुर : जनसुनवाई के प्रकरणों को तत्परता और संवेदनशीलता के साथ करे निस्तारित : कलक्टर
जिला कलक्टर की अध्यक्षता में साप्ताहिक समीक्षा बैठक आयोजित
सवाई माधोपुर। जिला कलक्टर काना राम ने सोमवार को साप्ताहिक समीक्षा बैठक में राज्य सरकार द्वारा चलाये जा रहे विभिन्न जन-जागरूकता अभियानों में विभागीय गतिविधियां बढ़ाने पर जोर दिया। साथ ही, जनसुनवाई के प्रकरणों को तत्परता और संवेदनशीलता के साथ निस्तारित करने एवं आम लोगों को अधिकाधिक लाभ देने के निर्देश दिए। जिला कलक्टर ने सभी विभागीय अधिकारियों को आपसी समन्वय से कार्य करते हुए विभागीय दायित्वों के निवर्हन में निर्धारित समयावधि की पालना करने के निर्देश देते हुए कहा कि 15 नवंबर तक संचालित होने वाला सड़क सुरक्षा अभियान केवल नाममात्र के लिए अभियान नहीं रहे। अभियान के नोडल विभाग पुलिस सहित सड़क प्रबंधन से जुड़े अन्य सभी विभागों की जिम्मेदारी है कि वे इस कार्य में पुलिस का सहयोग, सुरक्षित यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करने और सड़क दुर्घटनाओं से जीवनरक्षा के अभियान में योगदान करें। उन्होंने उपखण्ड स्तर पर उपखण्ड अधिकारी की अध्यक्षता में गठित अन्तरविभागीय सड़क सुरक्षा समन्वय समिति की गतिविधियों की धरातल पर मौजूदगी पर जोर दिया। *साइबर अपराधों के माध्यम से सरकारी योजनाओं में ठगी के प्रति सचेत रहे* :- काना राम ने अधिकारियों को साइबर अपराधों के माध्यम से आम लोगों तथा सरकारी योजनाओं के लाभार्थियों को ठगने वाले संगठित गिरोहों के प्रति सचेत रहने के निर्देश दिए। उन्होंने बताया कि झालावाड़ जिले के पुलिस अधीक्षक द्वारा एक साइबर अपराध के मामले में पाया गया है कि कुछ लोगों ने राजस्थान के विभिन्न जिलों में सरकारी योजनाओं, विशेषकर पीएम किसान निधि और आपदा राहत योजना, के लाभार्थियों के नकद लाभ फर्जी बैंक खातों में हस्तांतरित कर लिये हैं। इस प्रकरण में सवाई माधोपुर जिले के लाभार्थी भी पीड़ित हैं। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि वे विभिन्न योजनाओं का नकद लाभ हस्तांतरण के प्रक्रिया में बेहद संवेदनशीलता और सावधानी बरतें ताकि योजनाओं के लाभार्थियों के साथ कोई साइबर फ्रॉड़ नहीं हो। उन्होंने इस क्रम में अधिकारियों से अपने अधीनस्थ कार्मिकों और उनकी गतिविधियों के बारे में सचेत रहने के निर्देश दिए। *राज्य सरकार के अभियानों में बेहतर समन्वय और भागीदारी करें* :- कलक्टर ने वंदे मातरम् अभियान, सरदार पटेल @150 और बिरसा मुण्डा जनजातीय गौरव अभियान के दौरान जिले में प्रस्तावित विभिन्न गतिविधियों में संबंधित विभागों के बीच बेहतर आपसी समन्वय और बड़ी संख्या में भागीदारी के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि इन अभियानों की सरकार में उच्च स्तर पर नियमित रूप से समीक्षा की जा रही है। ऐसे में संबंधित अधिकारी और कार्मिक जन-जागरूकता से जुड़े इन सभी अभियानों में सहयोग और समन्वय में कोई भी लापरवाही नहीं बरतें। *सम्पर्क पोर्टल पर लंबित प्रकरणों का संतुष्टिपूर्ण निस्तारण करें* :- कलक्टर ने विभागवार समीक्षा करते हुए सम्पर्क पोर्टल पर दर्ज लंबित प्रकरणों का निर्धारित समयावधि में शत-प्रतिशत संतुष्टिपूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश सभी संबंधित अधिकारियों को दिए है। उन्होंने निर्देशित किया कि सभी अधिकारी अपने कार्यालय में प्रतिदिन जनसुनवाई अवश्य करें और प्राप्त परिवादों को सम्पर्क पोर्टल पर अवश्य से अपलोड़ करें। उन्होंने आवश्यक सेवाओं बिजली, पानी, चिकित्सा सहित सम्पर्क पोर्टल पर दर्ज लंबित प्रकरणों के त्वरित निस्तारण, जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी एवं पंचायती राज विभाग के अधिकारियों को हैण्डपम्पों पर कलर-पेन्ट से संबंधित विभाग का नाम लिखवाने एवं पण्डित दीनदयाल उपाध्याय गरीबी मुक्त ग्राम योजना के तहत विभागवार चयनित लाभार्थियों को पात्र योजनाओं का लाभ सुनिश्चित करवाने के निर्देश संबंधित विभागीय अधिकारियों को दिए। बैठक में मुख्य कार्यकारी अधिकारी गौरव बुड़ानिया, अतिरिक्त जिला कलक्टर संजय शर्मा, अधीक्षण अभियंता बीएल मीना, सीएमएचओ डॉ. अनिल कुमार जैमिनी, पीएमओ डॉ. तेजराम मीना, उप निदेशक आईसीडीएस प्रियंका शर्मा सहित संबंधित विभागीय अधिकारी एवं कार्मिक उपस्थित रहे।