चार हजार की रिश्वत लेते सफाईकर्मचारी रंगे हाथों गिरफ्तार
टोंक । ए.सी.बी. मुख्यालय जयपुर के निर्देश पर टोंक इकाई द्वारा शनिवार को भ्रष्टाचारी लोकसेवक पर कार्यवाही करते हुये नगरपालिका उनियारा के सफाई कर्मचारी लाखन सिंह नरवाल को परिवादी से 4 हजार रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो के अतिरिक्त महानिदेशक हेमन्त प्रियदर्शी (अतिरिक्त चार्ज महानिदेशक) ने बताया कि ए.सी.बी. इकाई टोंक को परिवादी द्वारा शिकायत दी गई थी कि गणतंत्र दिवस समारोह के अवसर पर विद्यालयों में की गई सामग्री सप्लाई का बिल पास करने की एवज में सफाई कर्मचारी लाखन सिंह नरवाल द्वारा 5 हजार रुपये रिश्वत की राशि मांगकर परेशान किया जा रहा है, जिस पर एसीबी अजमेर के उप-महानिरीक्षक पुलिस समीर कुमार सिंह के सुपरवीजन में एसीबी इकाई टोंक के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक राजेश आर्य के नेतृत्व में शिकायत का सत्यापन किया जाकर शनिवार को पुलिस निरीक्षक नरेन्द्र सिंह एवं उनकी टीम द्वारा ट्रेप की कार्यवाही करते हुये लाखन सिंह नरवाल पुत्र ओमप्रकाश निवासी वार्ड नं. 6, हरिजन बस्ती उनियारा को परिवादी से 4 हजार रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार किया गया है। एसीबी के महानिरीक्षक पुलिस सवाई सिंह गोदारा के निर्देशन में आरोपी से पूछताछ जारी है। एसीबी द्वारा मामले में भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के अन्तर्गत प्रकरण दर्ज कर अग्रिम अनुसंधान किया जायेगा। एसीबी अतिरिक्त महानिदेशक हेमन्त प्रियदर्शी (अतिरिक्त चार्ज महानिदेशक) ने समस्त प्रदेशवासियों से अपील की है कि राजस्थान को भ्रष्टाचार मुक्त बनाने के लिए कोई भी भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो की टोल-फ्री हैल्पलाईन नं. 1064 एवं वाट्सअप नं. 94135-02834 पर चौबीसों घंटे सम्पर्क कर भ्रष्टाचार के विरूद्ध अभियान में अपना महत्वपूर्ण योगदान दें सकते है। उन्होने कहा कि एसीबी आपके वैध कार्य को करवाने में पूरी मदद करेगी। विदित रहे कि एसीबी राजस्थान राज्य में राज्यकर्मचारियों सहित केन्द्र सरकार के कार्मिकों के विरूद्ध भी कार्यवाही करने को अधिकृत है।