स्कूली शिक्षा एवं पंचायतीराज मंत्री का हनुमानगढ़ दौरा, स्कूलों का किया निरीक्षण
जयपुर। शिक्षा एवं पंचायती राज मंत्री श्री मदन दिलावर गुरुवार को हनुमानगढ़ जिले के दौरे पर पहुंचे। इस दौरान उन्होंने विभिन्न स्कूलों का निरीक्षण किया तथा महात्मा गांधी राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय अयालकी में 4.5 करोड़ रुपए की लागत से बनने वाले नए भवन का शिलान्यास एवं भूमि पूजन किया। मंत्री ने ग्राम पंचायत बनवाला स्थित महात्मा गांधी राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय में कक्षाओं में जाकर विद्यार्थियों से सवाल-जवाब किए तथा प्रिंसिपल से नामांकन और नव प्रवेश को लेकर जानकारी ली। साथ ही स्कूल परिसर में साफ-सफाई और पिंक टॉयलेट की स्थिति का भी जायजा लिया। इसके बाद मंत्री ने पक्का भादवा में महिला सफाईकर्मियों से संवाद कर सफाई व्यवस्था और उन्हें मिलने वाले वेतन आदि के बारे में जानकारी ली। अयालकी स्कूल में आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मंत्री श्री दिलावर ने कहा कि सरकारी स्कूलों में शिक्षा का स्तर लगातार बेहतर हो रहा है और कई मामलों में निजी स्कूलों से भी आगे निकला है। उन्होंने कहा कि पहले जहां किताबें देर से मिलती थीं, अब सत्र के पहले दिन ही विद्यार्थियों को पुस्तकें उपलब्ध हो रही हैं। ड्रेस का पैसा सीधे खातों में दिया जा रहा है, बालिकाओं को साइकिल, टैबलेट और स्कूटी जैसी सुविधाएं भी दी जा रही हैं। उन्होंने शिक्षकों को अधिक मेहनत करने की आवश्यकता बताते हुए कहा कि शिक्षा के साथ संस्कार भी जरूरी हैं। बच्चों में नैतिक मूल्यों का विकास परिवार और गुरुजनों से होता है। मंत्री ने स्पष्ट कहा कि कक्षा में मोबाइल के उपयोग से पढ़ाई प्रभावित होती है, इसलिए शिक्षकों के लिए मोबाइल लेकर आने पर सख्ती की गई है और उल्लंघन पर कार्रवाई होगी। मंत्री श्री दिलावर ने कहा कि अब केवल औपचारिक परिणाम नहीं, बल्कि वास्तविक गुणवत्ता पर ध्यान दिया जा रहा है। यदि विद्यार्थियों के अंक कम आते हैं तो संबंधित शिक्षकों से जवाबदेही तय की जाएगी। उन्होंने बताया कि हाल के वर्षों में 12वीं कक्षा के परिणामों में उल्लेखनीय सुधार हुआ है और कई जगह सरकारी स्कूलों ने निजी स्कूलों से बेहतर प्रदर्शन किया है। उन्होंने सरपंचों और अधिकारियों से गांवों में स्वच्छता, सड़क, स्ट्रीट लाइट जैसी बुनियादी सुविधाएं सुनिश्चित करने को कहा। लापरवाही पर सख्त कार्रवाई की चेतावनी देते हुए कहा कि जनता के पैसे का उपयोग जनता के हित में होना चाहिए। उन्होंने किसानों के लिए चलाई जा रही योजनाओं—किसान क्रेडिट कार्ड, प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि आदि का भी उल्लेख किया और शिक्षा को रोजगार से जोड़ने पर जोर दिया। दौरे के दौरान मंत्री श्री दिलावर ने गोलूवाला स्थित पीएमश्री राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय का भी निरीक्षण किया। यहां स्मार्ट क्लासरूम, लैब, स्मार्ट अटेंडेंस सिस्टम और खेल सुविधाओं में किए गए नवाचारों की उन्होंने सराहना की। विद्यालय में पूर्व ने कार्यरत डीईओ श्री मनोहरलाल बिशु तथा वर्तमान प्रधानाचार्य श्री सुखदेव सिंह गोदारा की प्रशंसा की। इसके अलावा उन्होंने पीलीबंगा और लोंगेवाला क्षेत्र में स्वागत कार्यक्रमों में भी भाग लिया।