जनसहयोग से बदली स्कूल मैदान की तस्वीर, 101 पौधों ने बढ़ाई हरियाली
चूरू। जिले के ढाढ़र गांव में सामुदायिक सहभागिता और पर्यावरण संरक्षण की अनूठी मिसाल देखने को मिली। राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय के करीब 12 बीघा क्षेत्र में फैले खेल मैदान को जनसहयोग से पूरी तरह नया स्वरूप दिया गया। लंबे समय से खरपतवार से ढके इस मैदान को साफ कर समतल बनाया गया, जिससे अब विद्यार्थियों को स्वच्छ, सुरक्षित और बेहतर खेल सुविधा उपलब्ध होगी।
इस अभियान की पहल समाजसेवी एवं पर्यावरण प्रेमी यादराम कस्वां ने की। उन्होंने अपने निजी सहयोग से मैदान के सौंदर्यीकरण के साथ 101 पौधों का रोपण करवाया। पौधों के बेहतर संरक्षण और नियमित सिंचाई के लिए ड्रिप सिंचाई प्रणाली भी स्थापित कराई गई, ताकि पौधों की देखभाल लंबे समय तक सुनिश्चित हो सके।
मैदान को व्यवस्थित करने के लिए जेसीबी और ट्रैक्टरों की मदद से सफाई और समतलीकरण का कार्य किया गया। इस कार्य में नंदलाल कस्वां, सुभाष कस्वां और हरिराम पड़गड़ ने अपने निजी ट्रैक्टर निःशुल्क उपलब्ध कराए। उनके सहयोग से मैदान की बांध (पाड़) तैयार करने और समतलीकरण का कार्य सफलतापूर्वक पूरा हुआ।
इस पहल को ग्रामीणों ने शिक्षा, पर्यावरण संरक्षण और सामाजिक जिम्मेदारी का बेहतरीन उदाहरण बताया। अभियान का उद्देश्य केवल पौधारोपण करना नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के लिए हरित, स्वच्छ और स्वस्थ वातावरण तैयार करना भी है।
पौधारोपण कार्यक्रम में विद्यालय के प्रधानाचार्य हवा सिंह सहारण, शिक्षकगण, विद्यार्थियों और बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने भाग लिया। सभी ने पौधों की नियमित देखभाल और पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लेते हुए इस अभियान को निरंतर जारी रखने का भरोसा जताया।