Dark Mode
मेंटल हेल्थ को लेकर स्कूल हेल्थ मैसेंजर विद्यालयों में दे रहे संदेश

मेंटल हेल्थ को लेकर स्कूल हेल्थ मैसेंजर विद्यालयों में दे रहे संदेश

धौलपुर। विश्व मानसिक स्वास्थ्य सप्ताह के तहत विपरपुर स्कूल के हेल्थ मैसेंजरों ने आज की लाइफ स्टाइल में मेंटली फिट रहने के लिए नुक्कड़ नाटक द्वारा संदेश दिया कि जीवन में होने वाली समस्याओं का सामना करने के लिए स्वस्थ दिमाग की आवश्यकता है। इस अवसर पर हेल्थ एंड वैलनेस कार्यक्रम के राष्ट्रीय प्रशिक्षक अतुल चौहान ने उपस्थित ग्रामीण जनों से कहा कि हम सभी अपने जीवन में चुनौती पूर्ण परिस्थितियों का सामना करते हैं और भय, क्रोध, दुख, शर्म जैसी भावनाओं को अनुभव करते हैं। अक्सर हम अपनी ताकत का उपयोग करके या दोस्तों, परिवार के समर्थन से कठिन परिस्थिति का सामना करने में सक्षम होते हैं। अतः हमें हमारे गुणों और सीमाओं से अवगत होने, चुनौती पूर्ण भावनाओं और स्थितियों से निपटने के लिए अपने गुणों का उपयोग करना चाहिए तथा मानसिक रूप से स्वस्थ रहने के लिए स्वस्थ जीवन शैली का पालन भी करना चाहिए। उन्होंने बताया कि बच्चों द्वारा बातचीत बंद करने या परिवार और दोस्तों से दूरी बनाए रखने तथा एकाकीपन की स्थिति में आने पर हमें उनके समर्थन के साथ इस स्थिति पर काबू पाने और कल्याण की स्थिति में लाने में सहयोग करना आवश्यक है। इस अवसर पर स्कूल प्रधानाचार्य रमाकांत शर्मा ने विद्यार्थियों को मानसिक तनाव या संकट की स्थिति के समय अपने परिवार,दोस्तों, शिक्षकों की सहायता लेने और सकारात्मक सोच वाले साथियों से अपना मिलजुल रखने की बात कही। उन्होंने बताया कि संकट की स्थिति में हम दोस्तों के समर्थन के साथ इस पर काबू पाने और कल्याण की स्थिति में जाने में सक्षम हो सकते हैं। जिले में स्कूल हेल्थ एंड वैलनेस एंबेसडर द्वारा पोषण, स्वास्थ्य, स्वच्छता के साथ कल्याण कार्यक्रम के अंतर्गत स्वस्थ बढ़ने, जेंडर संवेदनशीलता और पारस्परिक मेल मिलाप जैसे विषयों पर विद्यार्थियों को अवगत कराया जा रहा है। इस अवसर पर विपरपुर स्कूल के सतीश चंद्र, वोकेशनल प्रशिक्षक पवन सहित स्टाफ सदस्यों ने नाटक आयोजन में सहभागिता निभाई।

Comment / Reply From

You May Also Like

Newsletter

Subscribe to our mailing list to get the new updates!