एसडीएम ने फसल खराबी का सर्वे कर दिए निर्देश
नदबई । ग्रामीण क्षेत्र में ओलावृष्टि व बारिश होने पर किसानों की फसल बर्बाद होने के मामलें में जिला कलक्टर आलोक रंजन के निर्देश पर नदबई प्रशासनिक अधिकारी भी मुस्तैद नजर आए। नदबई एसडीएम जोगिन्दर सिंह के नेतृत्व में अलग-अलग टीम ने ग्रामीण क्षेत्र का दौरा करते हुए खराब फसल का सर्वे किया। एसडीएम जोगिन्दर सिंह ने भी गांव न्योंठा, उटारदा, नूरपुर, झारकई, पीली, अरोंदा व हन्तरा सहित कई गांवों में सर्वे किया। साथ ही हल्का पटवारी व गिरदावर को खराब फसल की गिरदावरी करते हुए सर्वे रिपोर्ट पेश करने को कहा। सर्वे दौरान एसडीएम ने किसानों को जागरुक करते हुए बीमा कम्पनी के अधिकारियों को फसल खराबी की सूचना देने को कहा। साथ ही शीघ्र गिरदावरी प्रक्रिया कराते हुए बीमा कम्पनी के सहयोग से हरसंभव सहायता करने का आश्वासन दिया। गौरतलब है कि देर रात बारिश व ओलावृष्टि होने के चलते करीब एक दर्जन गांवों में किसानों की फसल बर्बाद होने की सूचना मिल रही। इस दौरान निजी सहायक नरेन्द्र सिंह सहित विभागीय टीम मौके पर मौजूद रही।