Dark Mode
द्वितीय चरण का मतदान शांतिपूर्ण सम्पन्न: जिला निर्वाचन अधिकारी ने मतदाताओं सहित सभी का आभार व्यक्त किया

द्वितीय चरण का मतदान शांतिपूर्ण सम्पन्न: जिला निर्वाचन अधिकारी ने मतदाताओं सहित सभी का आभार व्यक्त किया

आयोग के पर्यवेक्षक सहित प्रशासनिक अधिकारियों ने मतदान केन्द्रों का अवलोकन किया

सवाई माधोपुर। नगरीय निकाय आम चुनाव-2026 के द्वितीय चरण के तहत शुक्रवार को नगर परिषद गंगापुर सिटी तथा वजीरपुर और बामनवास नगर पालिकाओं में मतदान शांतिपूर्वक सम्पन्न हुआ। इस दौरान जिला निर्वाचन अधिकारी काना राम, पुलिस अधीक्षक ज्येष्ठा मैत्रेयी और राज्य निर्वाचन आयोग के पर्यवेक्षक ब्रजेश कुमार चांदोलिया सहित अन्य प्रशासनिक अधिकारियों नेे विभिन्न मतदान केन्द्रों का निरीक्षण कर मतदान प्रक्रिया और सुरक्षा व्यवस्थाओं का अवलोकन किया। जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि जिले के सभी 6 नगरीय निकायों में मतदान प्रक्रिया पूरी हो गई है। उन्होंने बताया कि जिले के मतदाताओं ने उत्साह के साथ लोकतंत्र में अपना प्रतिनिधि चुनने की प्रक्रिया में भागीदारी की। सभी नगरीय निकायों में महिलाओं, बुजुर्गों, दिव्यांगजन और नए मतदाताओं की मतदान में उल्लेखनीय सहभागिता रही। अब राज्य निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार 14 सितम्बर को नगरीय निकाय मुख्यालयों पर ही मतगणना का कार्य सम्पादित किया जाएगा। जिला निर्वाचन अधिकारी काना राम ने भय तथा भेदभाव से रहित, सुरक्षित एवं निष्पक्ष मतदान प्रक्रिया में भागीदारी के लिए सभी मतदाताओं, राजनैतिक दलों एवं निर्दलीय प्रत्याशियों सहित चुनाव के कार्य में जुटे मतदान कर्मियों तथा अन्य अधिकारियों का आभार व्यक्त किया। इससे पूर्व जिला निर्वाचन अधिकारी ने मतदान के दूसरे चरण के दौरान शुक्रवार को जिले के तीन निकाय क्षेत्रों में विभिन्न मतदान केन्द्रों पर अवलोकन के दौरान कई बूथों पर मतदान की प्रक्रिया, मतदान कार्मिकों द्वारा की गई व्यवस्था और सुगम मतदान के लिए बूथ पर उपलब्ध कराई गई सुविधाओं का जायजा लिया। उन्होंने मतदाताओं की पहचान, मतदान प्रक्रिया, पोलिंग एजेन्टों की उपस्थिति, सुरक्षा एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं की जानकारी ली। उन्होंने निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार पहचान-पत्र का सत्यापन करने के बाद ही मतदाता को बूथ में प्रवेश और मतदान की अनुमति तथा बिना वैध पहचान-पत्र के किसी भी पोलिंग एजेन्ट को मतदान केन्द्र में प्रवेश नहीं करने के निर्देश दिए। जिला निर्वाचन अधिकारी काना राम ने गंगापुर सिटी नगर परिषद में सपेरा बस्ती स्थित महात्मा गांधी विद्यालय के परिसर में स्थापित वार्ड 52 के अलग-अलग 2 मतदान केन्द्रों और राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय स्थित वार्ड 51 के दो मतदान केन्द्रों का निरीक्षण किया। जिला निर्वाचन अधिकारी ने राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय, वजीरपुर के परिसर में नगर पालिका के वार्ड 5, 6 और 8 के मतदान केन्द्रों का भी दौरा किया। उन्होंने मतदान दलों के सदस्यों एवं अन्य अधिकारियों से मतदान प्रक्रिया से संबंधित विभिन्न गतिविधियों के साथ बूथ पर कुल मतदाताओं की संख्या और तत्समय तक डाले गए मतों की संख्या पर जानकारी प्राप्त की। उन्होंने बूथों पर प्रत्याशियों के अभिकर्ताओं और मतदाताओं से भी मतदान प्रक्रिया के सुचारू ढंग से चलने की जानकारी ली। जिला निर्वाचन अधिकारी ने संवेदनशील मतदान केन्द्रों पर विशेष सतर्कता बरतने, अनावश्यक भीड़-भाड़ रोकने तथा निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों की अक्षरशः पालना सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही, सेक्टर मजिस्ट्रेट तथा पुलिस प्रशासनिक अधिकारियों को लगातार सतर्क रहकर मतदान केन्द्रों पर मतदाताओं की सुविधा एवं सुचारू आवागमन की व्यवस्था बनाए रखने को कहा।

Comment / Reply From

You May Also Like

Newsletter

Subscribe to our mailing list to get the new updates!