माइक्रो ऑब्जर्वर का हुआ द्वितीय रेंडमाइजेशन
बीकानेर। लोकसभा आम चुनाव के मद्देनजर नियुक्त होने वाले माइक्रो ऑब्जर्वर का द्वितीय रेंडमाइजेशन सोमवार को जिला निर्वाचन अधिकारी नम्रता वृष्णि तथा सामान्य पर्यवेक्षक सौरभ भगत, व्यय अनुवीक्षण पर्यवेक्षक अजीत कुमार और अंकुश एस. की मौजूदगी में कलक्ट्रेट सभागार में हुआ।
उप जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. दूली चंद मीणा ने बताया कि जिले में कुल 100 माइक्रो ऑब्जर्वर नियुक्त किए गए हैं। इनमें 77 एक्टिव तथा 23 रिजर्व माइक्रो ऑब्जर्वर हैं। उन्होंने बताया कि खाजूवाला के 16, बीकानेर पश्चिम के लिए 2, बीकानेर पूर्व के लिए 13, कोलायत के लिए 14, लूणकरणसर के लिए 12, श्रीडूंगरगढ़ के लिए 1 और नोखा के लिए 19 एक्टिव माइक्रो ऑब्जर्वर की नियुक्ति की गई है। इस दौरान नियुक्ति प्रकोष्ठ प्रभारी प्रतिभा देवठिया, सह प्रभारी संकल्प शर्मा, डॉ. जयदीप दोगने आदि मौजूद रहे।
एनफोर्समेंट से जुड़े विभाग निर्वाचन तक पूर्ण गंभीरता और जिम्मेदारी से करें कार्यः व्यय अनुवीक्षण पर्यवेक्षक:
व्यय अनुवीक्षण पर्यवेक्षक अजीत कुमार और अंकुश एस. ने सोमवार को कलक्ट्रेट सभागार में एनफोसर्मेंट से जुड़े विभागों के अधिकारियों की बैठक ली।
उन्होंने कहा कि सभी प्रवर्तन एजेंसियां, निर्वाचन तिथि तक पूर्ण गंभीरता और जिम्मेदारी से कार्य करें, जिससे भयमुक्त और निष्पक्ष निर्वाचन करवाया जा सके। उन्होंने कहा कि सभी विभागों के अधिकारी आपसी समन्वय रखें और व्यय अनुवीक्षण के मद्देनजर किसी भी स्थिति में आदर्श आचार संहिता की अवहेलना नहीं हो, यह सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि एनएचएआई के सभी टोल नाकों के सीसीटीवी कैमरे चालू रहें। उन्होंने इसकी सूची उपलब्ध करवाने के निर्देश दिए।
व्यय अनुवीक्षण पर्यवेक्षक ने कहा कि औषधि नियंत्रण विभाग द्वारा नशे के रूप में उपयोग ली जाने वाली दवाइयों के भंडारण एवं विक्रय पर नजर रखी जाए। इसके लिए निर्वाचन तिथि तक दवाइयों की दुकानों का सतत निरीक्षण हों। उन्होंने कहा कि सेंटर और स्टेट जीएसटी विभाग द्वारा एसएसटी के चिन्हित नाकों पर कार्यवाही की जाए। सीजीएसटी द्वारा कॉमर्शियल और भारी वाहनों की जांच भी नियमानुसार की जाए। उन्होंने कस्टम विभाग को निर्वाचन अवधि तक विशेष अभियान चलाने के निर्देश दिए।
पर्यवेक्षक ने कहा कि बीकानेर और लालगढ़ सहित विभिन्न रेलवे स्टेशनों पर नियमित निरीक्षण हों। यात्रियों की स्क्रीनिंग की जाए और आरपीएफ पूर्ण सतर्क रहकर कार्य करें। रेलगाड़ियों में सिविल ड्रेस में भी सुरक्षा कार्मिक तैनात किए जाएं। उन्होंने कहा कि 17 अप्रैल को सायं 5 बजे के बाद सूखा दिवस के सभी प्रावधानों की गंभीरतापूर्वक पालना हो। बैंक प्रत्येक संदिग्ध ट्रांजेक्शन पर नजर रखे। प्रत्याशी, उनके परिजन और पार्टी के बैंक खातों पर भी नजर रखें। प्रत्येक बैंक अपने स्तर पर भी मॉनिटरिंग करें। इस दौरान व्यय अनुवीक्षण प्रकोष्ठ प्रभारी संजय धवन सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
व्यय अनुवीक्षण पर्यवेक्षकों ने देखा एकीकृत नियंत्रण कक्ष:
व्यय अनुवीक्षण पर्यवेक्षक अजीत कुमार और अंकुश एस. ने नगर विकास न्यास में संचालित एकीकृत नियंत्रण कक्ष का सोमवार को निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने मीडिया नियंत्रण कक्ष द्वारा प्रिंट, सोशल और इलेक्ट्रॉनिक मीडिया पर पेड न्यूज एवं फेक न्यूज मॉनिटरिंग, मीडिया के माध्यम से आदर्श आचार संहिता उल्लंघन की मॉनिटरिंग सहित विभिन्न बिंदुओं की समीक्षा की। उन्होंने कहा कि मीडिया सेल द्वारा इस मॉनिटरिंग को और अधिक सघन किया जाए। जनसंपर्क विभाग के सहायक निदेशक हरि शंकर आचार्य ने उन्हें नियंत्रण कक्ष की गतिविधियों के बारे में बताया। उन्होंने सी-विजिल सेल, एमसीसी, नियंत्रण कक्ष और शिकायत प्रकोष्ठ का जायजा भी लिया। इस दौरान डीएलआर चंद्र शेखर व्यास, सहायक जनसंपर्क अधिकारी निकिता भाटी सहित विभिन्न कार्मिक मौजूद रहे।