Dark Mode
भूपालसागर शिविर पहुंचे प्रभारी सचिव, योजनाओं की प्रगति परखी

भूपालसागर शिविर पहुंचे प्रभारी सचिव, योजनाओं की प्रगति परखी

चित्तौड़गढ़। जिले के प्रभारी सचिव एवं प्रमुख शासन सचिव (पशुपालन) विकास सीताराम भाले ने भूपालसागर पंचायत समिति की ग्राम पंचायत कानड़खेड़ा में आयोजित ग्रामीण सेवा शिविर का निरीक्षण किया। उन्होंने शिविर में विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉलों का अवलोकन कर आमजन को उपलब्ध कराई जा रही सेवाओं और जनकल्याणकारी योजनाओं के क्रियान्वयन की समीक्षा की।

निरीक्षण के दौरान प्रभारी सचिव ने पात्र लाभार्थियों को आवासीय पट्टे, विभिन्न योजनाओं के स्वीकृति पत्र और अन्य सरकारी लाभ वितरित किए। उन्होंने ग्रामीणों से संवाद करते हुए कहा कि राज्य सरकार का उद्देश्य हर पात्र नागरिक तक सरकारी योजनाओं का लाभ समयबद्ध, पारदर्शी और प्रभावी तरीके से पहुंचाना है।

उन्होंने कहा कि ग्रामीण सेवा शिविरों के माध्यम से राजस्व, पंचायतीराज, सामाजिक न्याय, कृषि, पशुपालन, स्वास्थ्य, शिक्षा, जलदाय और विद्युत सहित कई विभागों की सेवाएं एक ही स्थान पर उपलब्ध कराई जा रही हैं। इससे ग्रामीणों को अलग-अलग सरकारी कार्यालयों के चक्कर नहीं लगाने पड़ते और कई मामलों का मौके पर ही समाधान हो जाता है।

प्रभारी सचिव ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि कोई भी पात्र व्यक्ति सरकारी योजनाओं से वंचित नहीं रहना चाहिए। उन्होंने शिविर में प्राप्त सभी प्रकरणों का गुणवत्तापूर्ण, पारदर्शी और समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने पर जोर देते हुए कहा कि आमजन की समस्याओं का संवेदनशीलता के साथ समाधान किया जाए।

कार्यक्रम के दौरान उन्होंने एक बच्चे का जन्मदिन माला पहनाकर मनाया और "एक पेड़ मां के नाम" अभियान के तहत पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी दिया।

निरीक्षण के बाद विकास सीताराम भाले ने ग्राम पंचायत कानड़खेड़ा स्थित उप स्वास्थ्य केंद्र का भी दौरा किया। यहां उन्होंने स्वास्थ्य सेवाओं की जानकारी ली और चिकित्सा अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए ताकि ग्रामीणों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराई जा सकें।

इस अवसर पर जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी विनय पाठक, उपखंड अधिकारी महेश गगोरिया, विकास अधिकारी मुकेश पोरवाल सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी और बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।

Comment / Reply From

You May Also Like

Newsletter

Subscribe to our mailing list to get the new updates!