Dark Mode
हिंद महासागर की सुरक्षा और विकास सबकी जिम्मेदारी : जयशंकर

हिंद महासागर की सुरक्षा और विकास सबकी जिम्मेदारी : जयशंकर

नई दिल्ली। विदेश मंत्री एस. जयशंकर ने कहा है कि हिंद महासागर क्षेत्र में शांति, स्थिरता, सुरक्षा और विकास बनाए रखना किसी एक देश की नहीं, बल्कि सभी सदस्य देशों की साझा जिम्मेदारी है। बदलते वैश्विक और भू-राजनीतिक हालात के बीच हिंद महासागर रिम एसोसिएशन (आईओआरए) को अपनी सामूहिक आवाज और मजबूत करनी होगी, ताकि यह संगठन एक प्रभावी और समावेशी क्षेत्रीय मंच के रूप में अपनी भूमिका निभा सके।

जयशंकर शुक्रवार को नई दिल्ली में आईओआरए की 25वीं मंत्रिपरिषद बैठक की अध्यक्षता कर रहे थे। उद्घाटन संबोधन में उन्होंने कहा कि हिंद महासागर वैश्विक व्यापार, ऊर्जा सुरक्षा, संपर्क और आर्थिक समृद्धि के लिहाज से बेहद महत्वपूर्ण है। इस क्षेत्र में अपार संभावनाएं हैं, लेकिन इसके साथ कई साझा चुनौतियां भी जुड़ी हुई हैं। इसलिए सदस्य देशों को आपसी सहयोग के जरिए इसे सुरक्षित और विकास के अनुकूल बनाए रखने की दिशा में आगे बढ़ना चाहिए।

विदेश मंत्री ने भारत की अध्यक्षता के दृष्टिकोण को ‘विजन महासागर’ से जोड़ते हुए कहा कि इसका उद्देश्य विभिन्न क्षेत्रों में सुरक्षा और विकास के लिए साझा तथा समग्र प्रगति को बढ़ावा देना है। यह भारत के पहले के ‘सागर’ यानी क्षेत्र में सभी के लिए सुरक्षा और विकास के सिद्धांत को आगे बढ़ाता है।

उन्होंने बताया कि भारत की अध्यक्षता का मुख्य विषय हिंद महासागर क्षेत्र में ‘नवाचार, खुलापन, लचीलापन और अनुकूलन क्षमता’ है। इन सिद्धांतों के माध्यम से आईओआरए को बदलते क्षेत्रीय और वैश्विक माहौल के अनुरूप तैयार करने तथा सदस्य देशों को व्यावहारिक लाभ पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है।

जयशंकर ने कहा कि भारत अपनी अध्यक्षता के दौरान संगठन के प्राथमिकता वाले क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाने के साथ संवाद साझेदारों के साथ संबंध मजबूत करने पर भी काम कर रहा है। इसके अलावा क्षेत्रीय स्तर पर उपयोगी पहल को प्रोत्साहित करना और आईओआरए की वित्तीय एवं संस्थागत क्षमताओं को मजबूत करना भी भारत की प्राथमिकताओं में शामिल है।

उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि संगठन को अपनी जिम्मेदारियां बेहतर ढंग से निभाने के लिए उसकी संस्थागत बुनियाद मजबूत करनी होगी। बैठक की थीम ‘मजबूत क्षेत्रीय आवाज : बदलती वैश्विक व्यवस्था में आईओआरए की स्थिति’ इसी जरूरत को सामने रखती है। उनके अनुसार, मौजूदा भू-राजनीतिक बदलावों के दौर में सदस्य देशों के बीच बेहतर तालमेल, संवाद साझेदारों के साथ सार्थक भागीदारी और ठोस क्षेत्रीय सहयोग पहले से अधिक जरूरी हो गया है।

विदेश मंत्री ने उम्मीद जताई कि बैठक में होने वाली चर्चा संगठन को भविष्य के लिए स्पष्ट दिशा देने में मदद करेगी। उन्होंने सभी प्रतिनिधियों से खुले मन से विचार रखने और रचनात्मक सुझाव देने की अपील की।

बैठक के बाद सोशल मीडिया मंच एक्स पर भी जयशंकर ने अपने विचार साझा किए। उन्होंने लिखा कि उद्घाटन संबोधन में हिंद महासागर के रणनीतिक और आर्थिक महत्व, भारत के ‘विजन महासागर’ तथा बदलती वैश्विक व्यवस्था में आईओआरए को एक मजबूत क्षेत्रीय मंच बनाने की जरूरत पर चर्चा की गई।

जयशंकर ने आईओआरए की पिछली अध्यक्षता के दौरान नेतृत्व के लिए श्रीलंका की सराहना की। साथ ही संगठन के उपाध्यक्ष और भावी अध्यक्ष मॉरीशस का स्वागत करते हुए कहा कि भारत साझा लक्ष्यों को आगे बढ़ाने के लिए दोनों देशों सहित सभी संबंधित पक्षों के साथ मिलकर काम करने को तैयार है।

गौरतलब है कि भारत की अध्यक्षता में आयोजित यह आईओआरए की पहली मंत्रिपरिषद बैठक है। इसमें संगठन के सदस्य देशों के प्रतिनिधियों के अलावा संवाद साझेदार, विशेषज्ञ एजेंसियां, पर्यवेक्षक और अन्य प्रतिनिधि भी शामिल हुए।

 

Comment / Reply From

You May Also Like

Newsletter

Subscribe to our mailing list to get the new updates!