वरिष्ठ नागरिक समिति ने महावीर मूक-बधिर विद्यालय, सिरियारी में सीसीटीवी कैमरे किए भेंट
सोजत। वरिष्ठ नागरिक समिति सोजत के सदस्य भामाशाह भोमाराम सोलंकी ने विद्यालय को आठ सीसीटीवी कैमरे और एक डीवीआर भेंट करने के अवसर पर श्री महावीर मूक-बधिर विद्यालय, सिरियारी में उनके सम्मान में आयोजित समारोह में व्यक्त करते हुए कहा कि इंसान को नेकी के कार्य को प्राथमिकता देनी चाहिए। कोई देखे ना देखें ऊपर वाला जरूर देखता है। इसी अवसर पर वरिष्ठ नागरिक समिति के अध्यक्ष सुरेश ओझा ने अपने संबोधन में कहा कि निशक्त मूक- बधिर बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए रचनात्मक कार्य किए जाने चाहिए। विद्यालय के भौतिक उन्नयन में भामाशाह की महत्वपूर्ण भूमिका होती है। बच्चे आने वाले कल का भविष्य हैं। इससे पूर्व विद्यालय प्रबंधन द्वारा आगंतुक अतिथियों का मोमेंटो एवं ऊपरणा पहना कर स्वागत-सम्मान किया। इस अवसर पर वरिष्ठ नागरिक समिति सोजत के सदस्य, विद्यालय के अध्यापक गण उपस्थित थे। सभी विद्यार्थियों को भामाशाह की तरफ से भोजन भी उपलब्ध करवाया गया। अंत में महावीर मूक-बधिर विद्यालय की प्रबंधक ममता ने भामाशाह एवं अतिथियों का आभार व्यक्त किया।