अज्ञात शव मिलने से फैली सनसनी
राजगढ़ । थाना क्षेत्र के नारायणपुर-जिरावली के निठारे हनुमान मंदिर के समीप पहाड़ी की तलहटी के नीचे एक अज्ञात महिला की गला घोंटकर हत्या कर शव डाले जाने का मामला सामने आया है। शव के मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गयी तथा सैकड़ो लोगो की भीड़ मौके पर जमा हो गयी। अतिरिक्त जिला पुलिस अधीक्षक अंजली अजीत जोरवाल ने बताया कि कंट्रोल रूम से सूचना मिली की पहाड़ी की तलहटी में एक अज्ञात महिला का शव पड़ा हुआ है। सूचना पर अतिरिक्त जिला पुलिस अधीक्षक अंजली अजीत जोरवाल व थानाधिकारी राजेश वर्मा मय पुलिस जाप्ते के साथ मौके पर पहुँचे। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घटनास्थल का गहनता से जायजा लिया। पुलिस ने मौके पर पाया की शव के गले मे गमछे से फंदा लगा हुआ है। शव के मुंह व नाक से खून निकल रहा है। वही मृतका के हाथ मे अंग्रेजी में रविता लिखा हुआ है। मृतका ने काली जैकेट व काली स्कर्ट पहनी हुई है। पैरों में चुटकी व हाथों में अंगूठी पहनी हुई है। अतिरिक्त जिला पुलिस अधीक्षक अंजली अजीत जोरवाल ने बताया कि प्रथम दृष्टया मृतका महिला का गमछे से गला घोंटकर हत्या करना प्रतीत होता है। महिला की उम्र करीब 25 वर्ष है। जोकि गृहणी है। मौके पर एफएसल, डॉग स्क्वायड, मोबाईल इन्वेस्टिगेशन यूनिट ने पहुंचकर घटना से सम्बंधित साक्ष्य जुटाए। पालिककर्मी जुगनू तम्बोली की टीम की सहायता से मृतका के शव को शिनाख़्त के लिए राजगढ़ चिकित्सालय की मोर्चरी में रखवाया गया है।