Dark Mode
ट्रंप को अदालत से झटका, जन्मजात नागरिकता पर नई पाबंदियों पर रोक

ट्रंप को अदालत से झटका, जन्मजात नागरिकता पर नई पाबंदियों पर रोक

वाशिंगटन। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप को जन्मजात नागरिकता के मुद्दे पर एक बार फिर कानूनी झटका लगा है। वाशिंगटन की संघीय अदालत ने उनके नए आदेश पर रोक लगाते हुए स्पष्ट किया कि अमेरिका में जन्मे बच्चों को मिलने वाले नागरिकता के संवैधानिक अधिकार में राष्ट्रपति अपनी ओर से नए अपवाद नहीं जोड़ सकते। इस फैसले से ट्रंप प्रशासन की नागरिकता नीति को चुनौती मिली है।

अमेरिका में जन्म के आधार पर नागरिकता देने का मुद्दा एक बार फिर अदालत पहुंचा और ट्रंप प्रशासन को राहत नहीं मिली। वाशिंगटन की संघीय अदालत ने बुधवार को राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के 6 अगस्त को जारी आदेश पर रोक लगा दी। इस आदेश के जरिए प्रशासन कुछ ऐसे बच्चों को अमेरिकी नागरिकता देने से इनकार करना चाहता था, जिनके माता-पिता में से कोई भी अमेरिकी नागरिक नहीं है।

यह मामला 'नाथन बनाम ट्रंप' के नाम से सामने आया है। इसे अमेरिकन सिविल लिबर्टीज यूनियन (ACLU) और उसके सहयोगी संगठनों ने प्रभावित परिवारों की ओर से अदालत में चुनौती दी थी। संगठन के मुताबिक, अदालत ने प्रशासन की उस दलील को स्वीकार नहीं किया, जिसके तहत जन्मजात नागरिकता की संवैधानिक व्यवस्था में नए अपवाद शामिल करने की कोशिश की जा रही थी।

अदालत ने अपने फैसले में कहा कि राष्ट्रपति अमेरिका में जन्मे और अमेरिकी कानूनों के अधिकार क्षेत्र में आने वाले बच्चों के जन्मजात नागरिकता के अधिकार में अपनी ओर से कोई नया अपवाद नहीं जोड़ सकते।

ट्रंप प्रशासन के 6 अगस्त के आदेश में कहा गया था कि कुछ विशेष परिस्थितियों में अमेरिका में जन्म लेने वाले बच्चों को नागरिकता नहीं दी जाएगी। इसमें ऐसे परिवारों को शामिल किया गया था, जिनके माता-पिता को प्रशासन ने 'विदेशी दुश्मन' की श्रेणी में रखा था या जो किसी विदेशी सरकार के कर्मचारी थे।

इसके अलावा, उन मामलों को भी आदेश के दायरे में रखा गया था, जहां माता-पिता किसी व्यावसायिक समझौते के तहत अमेरिका में बच्चे को जन्म देकर नागरिकता हासिल करना चाहते हैं। इसमें पैसे देकर कराई जाने वाली सरोगेसी यानी पेड सरोगेसी के मामले भी शामिल थे। विदेशी सरकारों से जुड़े प्रावधान में राजनयिकों के अलावा दूतावास और वाणिज्य दूतावास के कुछ कर्मचारी भी शामिल किए गए थे।

ट्रंप प्रशासन ने क्या दी थी दलील?

व्हाइट हाउस ने अपने आदेश का बचाव करते हुए कहा था कि ये पाबंदियां जन्मजात नागरिकता से जुड़े पहले से मान्य अपवादों के अनुरूप हैं। प्रशासन का तर्क था कि जिन श्रेणियों को आदेश में शामिल किया गया है, उन्हें संवैधानिक रूप से मिलने वाली जन्मजात नागरिकता की सुरक्षा के दायरे में नहीं रखा जाना चाहिए।

ट्रंप ने इसके साथ ही एक अन्य आदेश पर भी हस्ताक्षर किए थे। इसमें अधिकारियों को उन यात्राओं पर रोक लगाने के निर्देश दिए गए थे, जिनका उद्देश्य अमेरिका में बच्चे को जन्म देकर उसे वहां की नागरिकता दिलाना था।

ACLU ने परिवारों की ओर से दायर किया था मुकदमा

ट्रंप प्रशासन के नए आदेश के खिलाफ ACLU और उसके सहयोगी संगठनों ने 28 सितंबर को वाशिंगटन में मुकदमा दायर किया था। इस कानूनी लड़ाई में एशियन लॉ कॉकस, NAACP लीगल डिफेंस एंड एजुकेशनल फंड और डेमोक्रेसी डिफेंडर्स फंड सहित कई संगठनों ने सहयोग किया।

ACLU के अनुसार, इससे पहले जून में अमेरिकी सुप्रीम कोर्ट ने ट्रंप के नागरिकता संबंधी पुराने आदेश पर रोक लगाने के प्रयासों को लेकर महत्वपूर्ण फैसला दिया था। उस फैसले में उन बच्चों को कानूनी सुरक्षा मिली थी, जिन्हें प्रशासन के पहले आदेश के तहत नागरिकता से वंचित किया जा सकता था।

अब वाशिंगटन की संघीय अदालत का ताजा फैसला 6 अगस्त को जारी नई पाबंदियों से जुड़ा है। इससे अमेरिका में जन्मजात नागरिकता को लेकर ट्रंप प्रशासन और कानूनी संगठनों के बीच चल रही लड़ाई एक बार फिर चर्चा में आ गई है।

 

Comment / Reply From

You May Also Like

Newsletter

Subscribe to our mailing list to get the new updates!