भव्य कलश यात्रा के साथ सात दिवसीय संगीतमय श्रीमदभागवत कथा ज्ञानरस का शुभारंभ
नाहरगढ़ कस्बे में बारां रोड़ स्थित कृषि उपज मंडी परिसर में बुधवार को सात दिवसीय संगीतमय श्रीमद् भागवत कथा ज्ञानरस का आयोजन का शुभारंभ किया गया। कथा के शुभारंभ में बुधवार सुबह कस्बे के मुख्य चौराहे स्थित बालाजी मन्दिर परिसर से मंडी प्रांगण के कथा स्थल तक देव विमान के साथ भव्य कलश यात्रा निकाली गई। जिसमें बड़ी संख्या में महिलाओ व बालिकाओं सहित श्रद्धालुओ ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। कलश यात्रा में बालिकाएं सिर पर पावन कलश धारण किया चल रही थी। वही मुख्य यजमान सिर पर पावन ग्रंथ धारण किए चल रहे थे। भगवान की जय जयकार के साथ पावन कलश यात्रा कथा स्थल पर पहुंची। इस दौरान पूरा पांडाल भगवान की जय जयकार से गूंजता रहा। कलशयात्रा कथास्थल पर पहुंचने के बाद विधिवत मंत्रोच्चार के साथ देवविमान सहित पावन कलशों की स्थापना की गई। इसके बाद आचार्य संत के द्वारा कथा का शुभारंभ किया गया। इस दौरान पुलिस प्रशासन द्वारा माकूल सुरक्षा व्यवस्था रही। थानाधिकारी राजकुमार अतिरिक्त जाप्ते के साथ मौजूद रहे । आयोजन समिति ने बताया कि सात दिवसीय कथा का समय दोपहर 12 बजे से 3 बजे तक रहेगा। कथा के प्रथम दिन बड़ी संख्या में श्रद्धालु कथा का श्रवण करने पहुंचे। और कथा में गाए मधुर भजनों पर झूम उठे। आयोजन समिति ने सभी क्षेत्रवासियों से कथा का श्रवण करने की अपील कर पुण्य लाभ प्राप्त करने की अपील की। समिति द्वारा दूर दराज से आने वाले श्रद्धालुओं के लिए ठहरने और भोजन की व्यवस्था की गई है।