Dark Mode
मुंगेर की सभा में शाह ने ललन सिंह से रखा परहेज, नीतीश-लालू पर साधा निशाना

मुंगेर की सभा में शाह ने ललन सिंह से रखा परहेज, नीतीश-लालू पर साधा निशाना

लखीसराय। भाजपा के पूर्व अध्यक्ष और देश के गृह मंत्री अमित शाह ने गुरुवार को जदयू के राष्ट्रीय अध्यक्ष ललन सिंह के संसदीय क्षेत्र मुंगेर के लखीसराय में जनसभा को संबोधित किया। लेकिन, उन्होंने ललन सिंह का नाम लेने से परहेज रखा। अपने संबोधन में अमित शाह ने ललन सिंह का नाम नहीं लिया। लेकिन, बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और राजद के राष्ट्रीय अध्यक्ष लालू प्रसाद यादव उनके निशाने पर रहे। यहां तक कि उन्होंने दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल का भी जिक्र किया। अमित शाह ने गुरुवार को बिहार के लखीसराय के गांधी मैदान में आयोजित जनसभा में कहा कि नरेंद्र मोदी की सरकार के नौ साल पूरे हुए हैं और भाजपा के कार्यकर्ता जनता के बीच जाकर सरकार का काम गिना रहे हैं। उसी सिलसिले में मैं भी यहां आया हूं।

बारिश के बीच शाह ने लोगों को संबोधित करते हुए जिस तरह भ्रष्टाचार और राष्ट्रवाद को लेकर विरोधियों पर निशाना साधा, उससे यह साफ संकेत दे दिए कि आने वाले चुनाव में भाजपा इन्हीं दो मुद्दों को लेकर मैदान में उतरेगी। इस दौरान उन्होंने विपक्षी दलों की पटना में हुई बैठक के जरिए नीतीश कुमार, लालू प्रसाद यादव, अरविंद केजरीवाल और राहुल गांधी पर निशाना साधा। उन्होंने नीतीश कुमार पर निशाना साधते हुए कहा कि उन्हें प्रधानमंत्री नहीं बनना है, वह बस लालू प्रसाद को मूर्ख बना रहे हैं। कुछ लोग सत्ता के लिए साथ आ रहे हैं। जो लोग सत्ता के लिए लालू प्रसाद और कांग्रेस के साथ जा रहे हैं, उन्हीं के कारण गुंडा राज, शराब माफिया का राज बढ़ रहा है। अमित शाह ने करीब 30 मिनट तक लोगों को संबोधित किया। लेकिन, एक बार भी स्थानीय सांसद और जदयू के राष्ट्रीय अध्यक्ष ललन सिंह का नाम नहीं लिया। इस दौरान उन्होंने केंद्र सरकार की योजनाओं को भी गिनवाया। उल्लेखनीय है कि अमित शाह का 10 महीने के अंदर यह पांचवां बिहार दौरा था। पिछले लोकसभा चुनाव में एनडीए को बिहार में 40 में से 39 सीटें मिली थी। नीतीश कुमार के अलग होने के बाद जिस तरह भाजपा कार्यक्रम कर रही है, उससे तय है कि भाजपा को बिहार की सीटों की अहमियत मालूम है और किसी भी हाल में फिर से इन सीटों को हथियाना चाहती है। अमित शाह ने लखीसराय की जनसभा में कहा भी कि बिहार की जनता ने 2014 में मोदी जी को 31 सीटें दी और 2019 में 53 प्रतिशत वोटों के साथ 39 सीटें दी। अब समय आ गया है, एक-दो सीटों की जो कमी रह जाती है उसको भी पूरा कर दीजिए। 2024 में सभी की सभी सीटें एनडीए को दीजिए।

Comment / Reply From

You May Also Like

Newsletter

Subscribe to our mailing list to get the new updates!