Dark Mode
शरद पवार फिर अस्पताल में भर्ती, डिहाइड्रेशन की शिकायत; हालत स्थिर

शरद पवार फिर अस्पताल में भर्ती, डिहाइड्रेशन की शिकायत; हालत स्थिर

मुंबई। राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरदचंद्र पवार) के प्रमुख शरद पवार की तबीयत एक बार फिर बिगड़ने के बाद उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है। डिहाइड्रेशन की शिकायत के चलते उन्हें मुंबई के ब्रीच कैंडी अस्पताल ले जाया गया। उनकी बेटी और लोकसभा सांसद सुप्रिया सुले ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर इसकी जानकारी साझा की।

सुप्रिया सुले ने अपने संदेश में बताया कि परिवार शरद पवार को ब्रीच कैंडी अस्पताल में भर्ती करा रहा है। शुरुआती तौर पर डिहाइड्रेशन की आशंका जताई गई है। उन्होंने पिता की व्यस्त दिनचर्या का जिक्र करते हुए कहा कि उन्हें कम यात्रा करनी चाहिए, लेकिन वे अपनी बात नहीं सुनते। उन्हें अपने काम से बहुत लगाव है। सुप्रिया ने इस दौरान शरद पवार के स्वास्थ्य को लेकर चिंता जताने और शुभकामनाएं भेजने वालों का आभार भी व्यक्त किया।

रोहित पवार ने दी स्वास्थ्य की जानकारी

एनसीपी नेता रोहित पवार ने भी एक्स पर पोस्ट कर बताया कि शरद पवार को डिहाइड्रेशन के कारण अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उन्होंने कहा कि सुप्रिया सुले इस समय उनसे मिलने अस्पताल में मौजूद हैं। रोहित पवार के अनुसार, शरद पवार की स्थिति फिलहाल स्थिर है और डॉक्टरों की सलाह के मुताबिक अगले दो दिनों तक उनका उचित उपचार किया जाएगा। उन्होंने लोगों से उनके स्वास्थ्य को लेकर चिंता नहीं करने की अपील की।

इससे पहले पुणे में भी हुए थे भर्ती

शरद पवार को इससे पहले 2 नवंबर को भी स्वास्थ्य संबंधी परेशानी के बाद पुणे के रूबी हॉल क्लिनिक में भर्ती कराया गया था। उस समय उन्हें लगातार खांसी के साथ छाती में दर्द की शिकायत हुई थी। अस्पताल की ओर से जारी बयान में बताया गया था कि उन्हें सामान्य स्वास्थ्य जांच और मेडिकल निगरानी के लिए भर्ती किया गया है।

रूबी हॉल क्लिनिक के चीफ कार्डियोलॉजिस्ट, चेयरमैन और मैनेजिंग ट्रस्टी डॉ. परवेज के. ग्रांट ने उस समय कहा था कि शरद पवार की हालत स्थिर है और एहतियात के तौर पर उन्हें डॉक्टरों की निगरानी में रखा गया है। उन्होंने उनके स्वास्थ्य में सुधार की उम्मीद भी जताई थी।

उस दौरान सुप्रिया सुले ने सोशल मीडिया के जरिए लोगों को जानकारी दी थी कि उनके पिता के सभी महत्वपूर्ण स्वास्थ्य पैरामीटर सामान्य और स्थिर हैं। अब एक बार फिर अस्पताल में भर्ती होने की खबर के बाद पार्टी नेताओं और समर्थकों की नजर उनके स्वास्थ्य पर बनी हुई है।

 

Comment / Reply From

You May Also Like

Newsletter

Subscribe to our mailing list to get the new updates!