शर्लिन चोपड़ा ने फाइनेंसर के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई, छेड़खानी और जान से मारने की धमकी का आरोप लगाया
एक्ट्रेस शर्लिन चोपड़ा ने एक फाइनेंसर के खिलाफ मुंबई के जुहू पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज करवाई है। शर्निल ने उस शख्स पर छेड़छाड़, गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है। शर्लिन ने कंप्लेंट में दावा किया है कि आरोपी ने पैसे देने के बहाने उनके साथ छेड़छाड़ की।
फाइनेंसर ने गाली-गलौज की, जान से मारने की धमकी दी
शिकायत के मुताबिक आरोपी ने एक वीडियो रिकॉर्डिंग के पैसे देने के बहाने शर्लिन के साथ छेड़खानी की। जब उन्होंने इसका विरोध किया तो फाइनेंसर उनके साथ गाली-गलौज करने लगा और उन्हें जान से मारने की धमकी भी दी, जिसके बाद शर्लिन ने जुहू पुलिस ने में उसके खिलाफ शिकायत दर्ज कराई।
आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज हुआ, पुलिस ने जांच शुरू की
शिकायत के बाद जुहू पुलिस ने आरोपी के खिलाफ IPC की धारा 354, 506, 509 के तहत मामला दर्ज किया है, साथ ही मामले की जांच चल रही है।
साजिद खान और राज कुंद्रा पर संगीन आरोप लगा चुकी है शर्लिन
शर्लिन इससे पहले साजिद खान और शिल्पा शेट्टी के पति राज कुंद्रा पर भी संगीन आरोप लगा चुकी हैं। बीग बॉस 16 के दौरान शर्लिन ने साजिद को शो से निकालने की पूरी कोशिश की थी। इतना ही नहीं उन्होंने साजिद को शो में रखने पर सलमान खान पर भी निशाना साधा था। मीडिया से बातचीत के दौरान शर्लिन ने कहा था- क्या सलमान खान के लिए अपनी दोस्ती निभाना ज्यादा जरूरी है, या महिलाओं के लिए स्टैंड लेना। अगर हम उनकी बहनें होते तो भी क्या वो यही करते। क्यों वो और सब लोग खामोश हैं। साजिद को वहां सेलिब्रिटी के तौर पर दिखाया जा रहा है और सब खामोश हैं।
शर्लिन राखी सावंत के खिलाफ भी FIR दर्ज करा चुकी हैं
राखी और शर्लिन में 36 का आंकड़ा था, हालांकि पिछले कुछ समय से वो दोस्त बन गई हैं। दरअसल, राखी ने हमेशा साजिद और राज कुंद्रा का 'मी टू मूवमेंट' में सपोर्ट किया है, जिस वजह से उनकी और शर्लिन की दुश्मनी रही है। पिछले साल दोनों ने एक-दूसरे पर जमकर कीचड़ उछाला था और FIR भी दर्ज करवाई थी। शर्लिन ने राखी के खिलाफ कहा था- 'जब भी मैं महिलाओं के शोषण के खिलाफ विरोध में आवाज उठाती हूं, राखी सावंत जैसे कीड़े-मकौड़े आकर मुझे वैश्या कहने लगते हैं। क्योंकि ये लोग अपने अंधपन में गवार हैं।'