लोकतंत्र में दिखाया उत्साह
सरवाड़. विधानसभा के चुनाव को लेकर शनिवार को हुए मतदान में लोगों में जोरदार उत्साह देखने को मिला। मतदान करने को लेकर शरीर से लाचार, अपाहिज, असक्षम व बुर्जुगों ने अपने-अपने सहारे से मतदान केंद्र पहुंचकर मतदान कर लोकतंत्र में अपनी आस्था का परिचय दिया। चुनाव को लेकर नगर पालिका के सभी 12 बूथ व ग्राम पंचायत में हुए मतदान को लेकर लोगों में जोरदार उत्साह देखने को मिला। बूथ न 56 पर 90 वर्षीय राधा देवी माली ने मतदान केंद्र पहुंचकर मतदान किया। सुबह जल्दी हल्की सर्दी होने के बावजूद प्रातः 7 बजे से पहले ही मतदान बूथों पर मतदाताओं की कतारे लगना शुरू हो गए। कुछ मतदान केन्द्रो पर दोपहर तक भीड़ कम रही, लेकिन दोपहर बाद मतदान में तेजी आई। प्रत्याशियों के समर्थक अपने-अपने पक्ष में मतदान कराने के लिए वोट लाने में होड़ मची दिखाई दी।
छोटे बच्चों के साथ पहुंची महिलाएं-
विधानसभा चुनाव को लेकर शनिवार हुए मतदान में महिलाओं ने अपना पूरा उत्साह दिखाया, महिलाओं ने अपने-छोटे-छोटे बच्चों को गोद में लेकर मतदान केंद्र पहुंचकर मतदान किया। मतदान को लेकर मतदाताओं ने अपने दस्तावेज का रखा पूरा ख्याल।
प्रशासन रहा अलर्ट-
मतदान के दौरान प्रशासन सख्ती का असर साफ तौर पर दिखाई दिया। प्रत्याशियों के बूथ मतदान केंद्र से 200 मीटर की दूरी पर नजर आए। चुनाव को लेकर प्रशासन पूरी तरह से मुस्तैद रहा। प्रत्येक मतदान बूथ पर जोनल मजिस्ट्रेट तैनात रहे। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नितेश आर्य, सरवाड़ उपखंड़ अधिकारी विकास मोहन भाटी, तहसीलदार हरेन्द्र सिंह, थाना प्रभारी सुरेन्द्र कुमार पूरे दिन मय जाप्ते के मतदान बूथो का निरीक्षक करते रहे।
आचार संहिता का भय-
चुनाव आयोग की आचार संहिता की सख्ती से पालना होने का असर यहां मतदान के दौरान स्पष्ट दिखाई दिया। मतदान केन्द्र के दो सौ मीटर की परिधि में प्रत्याशियों का बूथ नहीं लगा, इससे मतदान केन्द्रों के बाहर आम तौर पर कार्यकर्ताओं में आपस में होने वाले वाक -युद्ध और कहासुनी के नजारे देखने को नही मिले। इसके विपरीत कुछ बूथों पर तो कार्यकर्ता एक ही स्थान पर बैठकर अपने-अपने दल का प्रचार करते व आपस में व्यंग्य-विनोद करते मिले।