श्री मल्लीनाथ पशु मेला तिलवाड़ा प्रबंधकारिणी की प्रथम बैठक आयोजित
-
05 अप्रैल से 19 अप्रैल तक आयोजित होगा पशु मेला
बालोतरा। पंचायत समिति सभागार में जिला कलक्टर सुशील कुमार यादव की अध्यक्षता में श्री मल्लीनाथ पशु मेला प्रबंधकारिणि की प्रथम बैठक आयोजित हुई। इस अवसर पर जिला कलक्टर सुशील कुमार यादव ने 05 अप्रैल से प्रारंभ होने वाले श्री मल्लीनाथ पशु मेले की समुचित व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने मेला मैदान को समतल करते हुए जल भराव क्षेत्रों में मिट्टी डालने एवं मेला मैदान में जल को हटाने के निर्देश दिए। उन्होंने मेले में आने वाले पशु और दर्शनाथियों के लिए पर्याप्त पेयजल व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने मेला परिसर में आवश्यक दवाइयों के साथ मेडिकल टीम मय एंबुलेंस उपलब्ध करवाने के निर्देश दिए। जिला कलक्टर ने मेले के दौरान वित्तीय सुविधा प्रदान करने के लिए अस्थाई बैंक स्थापित करने के निर्देश दिए। साथ ही मेले के दौरान कानून व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए पुलिस बल तैनात करने तथा दर्शनार्थियों के आने जाने वाले मार्ग को दुरुस्त करने के निर्देश दिए। मेले में दर्शनार्थियों को सस्ता भोजन उपलब्ध हो इसके लिए श्री अन्नपूर्णा रसोई व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। पशुओं के लिए पर्याप्त मात्रा में चारा उपलब्ध करवाने के लिए ग्राम सेवा सहकारी समिति को चारा डिपो खोलने के निर्देश दिए। उन्होंने मेला मैदान के आगजनी घटनाओं की रोकथाम के लिए मेला अवधि के दौरान अग्नि शमन वाहन उपलब्ध करवाने के निर्देश दिए। उन्होंने पशु पालकों को उचित मूल्य पर दूध उपलब्ध करवाने के लिए डेयरी बूथ स्थापित करने के निर्देश दिए। इस दौरान पशुपालन विभाग के संयुक्त निदेशक डॉ. राजेश शर्मा ने मेले की तिथियों और बजट का अनुमोदन किया। उन्होंने बताया कि मेला परिसर में दुकानों की नीलामी 14 और 15 मार्च को की जाएगी। 01 अप्रैल को चौकी की स्थापना और 05 अप्रैल को झंडारोहण किया जाएगा। जिसके साथ ही मेले का शुभारंभ होगा। 06 और 07 अप्रैल को पशु प्रतियोगिताओं का आयोजन तथा 05 से 08 अप्रैल को खेलकूद और सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। बैठक में अतिरिक्त जिला कलक्टर राजकुमार कस्वा, अतिरिक्त मुख्य कार्यकारी अधिकारी बबलीराम जाट, समस्त उपखंड अधिकारी, तहसीलदार समेत सभी अधिकारी उपस्थित रहे।