Dark Mode
जयपुर में स्मैक तस्करी का खुलासा, महिला समेत दो आरोपी गिरफ्तार

जयपुर में स्मैक तस्करी का खुलासा, महिला समेत दो आरोपी गिरफ्तार

जयपुर। जयपुर पूर्व जिले में अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी है। इसी कड़ी में ऑपरेशन क्लीन स्वीप के तहत जिला विशेष टीम (डीएसटी) जयपुर पूर्व और प्रताप नगर थाना पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए स्मैक तस्करी के मामले में एक महिला सहित दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 41 ग्राम 12 मिलीग्राम स्मैक और बिक्री से मिली 18,080 रुपये की नकदी बरामद की है। पुलिस के अनुसार आरोपी छोटे-छोटे टोकन बनाकर नशा करने वालों को स्मैक बेचते थे।

पुलिस उपायुक्त जयपुर पूर्व रंजीता शर्मा ने बताया कि संयुक्त टीम ने रविवार को प्रताप नगर इलाके के नंदपुरी बी में दबिश दी। इस दौरान हेमंत सांसी (20) पुत्र कालूराम सांसी और प्रियंका सांसी (35) पत्नी दशरथ को गिरफ्तार किया गया। दोनों आरोपी मूल रूप से टोंक जिले के मंडावर क्षेत्र के रहने वाले हैं और वर्तमान में नंदपुरी बी में रह रहे थे।

पूछताछ में सामने आया कि आरोपी बाहर से बड़ी मात्रा में स्मैक खरीदकर लाते थे। इसके बाद उसे छोटे-छोटे हिस्सों में बांटकर 200 और 300 रुपये के टोकन के रूप में जयपुर शहर में बेचते थे। माल खत्म होने पर आरोपी दोबारा नई खेप लेकर आते थे।

पुलिस अब आरोपियों से यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि स्मैक की सप्लाई कहां से होती थी और इस नेटवर्क में कौन-कौन लोग शामिल हैं।

पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार गिरफ्तार महिला आरोपी प्रियंका सांसी पहले भी मादक पदार्थ तस्करी से जुड़े मामलों में शामिल रही है। उसके खिलाफ वर्ष 2019 से 2026 के बीच प्रताप नगर थाने में कुल 19 आपराधिक मामले दर्ज हैं। इनमें 12 मामले आबकारी अधिनियम और 7 मामले एनडीपीएस एक्ट के तहत दर्ज किए गए हैं। उसका अंतिम मामला मार्च 2026 में दर्ज हुआ था, जिसकी जांच अभी जारी है।

इस कार्रवाई में डीएसटी जयपुर पूर्व के कांस्टेबल चालक जितेंद्र सिंह और कांस्टेबल हेमंत की विशेष भूमिका रही। टीम में उपनिरीक्षक बन्ना लाल, सहायक उपनिरीक्षक छीतरमल, हेड कांस्टेबल तुलसीराम सहित कई पुलिसकर्मी शामिल रहे।

प्रताप नगर थाना पुलिस की टीम में उपनिरीक्षक गिरिराज, हेड कांस्टेबल सुरेश चंद, हीरालाल, कांस्टेबल राजेश और महिला कांस्टेबल हंसा ने भी कार्रवाई में महत्वपूर्ण योगदान दिया।

Comment / Reply From

You May Also Like

Newsletter

Subscribe to our mailing list to get the new updates!