Dark Mode
अवैध बजरी खनन/परिवहन के विरुद्ध  एसपी ने किया डिकॉय ऑपरेशन

अवैध बजरी खनन/परिवहन के विरुद्ध  एसपी ने किया डिकॉय ऑपरेशन

   
बजरी रायल्टी नाकाकर्मियों का कराया जायेगा चरित्र सत्यापन-राजर्षि राज


टोंक । जिले में विगत दिनों बजरी रायल्टी ठेकेदार के कर्मचारियों द्वारा की गई एक टे्रक्टर ड्राईवर की हत्या एवं एक ट्रक ड्राईवर के साथ मारपीट कर दोनों हाथ तोड़ दिये जाने की घटनाओं को गंभीरता से लेते हुए बनास नदी में किये जा रहे अवैध बजरी खनन एवं परिवहन पर अंकुश लगाने के लिए सोमवार रात्रि को पुलिस अधीक्षक राजर्षि राज के द्वारा वृताधिकारी वृत टोंक सलेह मोहम्मद मय पुलिस जाप्ते के साथ डिकॉय ऑपरेशन किया गया। पुलिस अधीक्षक राजर्षि राज ने मंगलवार को अपने कार्यालय में पत्रकारवार्ता आयोजित कर जानकारी देते हुए बताया कि डिकॉय ऑपरेशन के दौरान पक्का बन्धा, सराय, देवली-भांची, मण्डावर, देव डूंगरी, चिरोंज एवं मोलाईपुरा आदि स्थानों पर रात्रि गश्त एवं भ्रमण किया गया। उन्होने बताया कि इस दौरान अवैध बजरी परिवहन करते हुए 2 ट्रेक्टर-ट्रॉलिया मिली, जिनको सम्बन्धित थानाधिकारी द्वारा जब्त करवाया गया एवं अवैध बजरी की रोकथाम हेतु लीजधारक द्वारा लगाये गये नाकों को भी चैक किया गया, जहां कार्यरत कर्मियों को अवैध गतिविधियां नहीं करने के सम्बन्ध में आवश्यक दिशा-निर्देश दिये गये। अवैध बजरी खनन-परिवहन की रोकथाम हेतु लगाये गये पुलिस नाकों पर तैनात कार्मिकों को चैक किया गया, जहां ड्यूटी में लापरवाही करते हुऐ पाये गये पुलिस कार्मिकों के विरूद्ध अनुशासनात्मक कार्यवाही अमल में लाई जावेगी। अवैध बजरी खनन/परिवहन के रूट चिन्हित किये गये है, जहां आउट पोस्ट लगाई गई है। पुलिस पेट्रोलिंग को ओर अधिक मजबूत किया गया है। उन्होने बताया कि जहॉं-जहॉं से अवैध बजरी खनन/परिवहन होता है, उन रास्तों को काटने की कार्यवाही की गई है। बजरी नाकों पर कार्यरत रायल्टी ठेकेदार के कर्मचारियों की समस्त गतिविधियों पर कड़ी नजर रखने तथा अवांछनीय गतिविधियॉं पाई जाने पर उनके विरूद्ध विधिसम्मत कार्यवाही करने हेतु थानाधिकारियों को निर्देश दिये गये है, वहीं बजरी नाकों पर जो भी कर्मचारी लगे हुए है, उन्हें निर्देशित किया गया है कि वह नाकों के बाहर कोई गतिविधियॉं नहीं करेंगें, फ्लाईंग स्क्वाड के रूप में कार्य नहीं करेंगें, साथ वह अपने पास किसी प्रकार का कोई हथियार एवं लाठी इत्यादि ना तो साथ रखेंगें ना ही अपने वाहन में रखेंगें। बजरी नाकों पर कार्यरत सभी कर्मचारियों को उक्त निर्देशों की पालना हेतु लिखित में पाबन्द कराने व बजरी नाकों पर कार्यरत बजरी ठेकेदार/मैनेजर/कर्मचारियों की सूचना जिसमें कर्मचारी का नाम, पता, मोबाईल नम्बर, आपराधिक रिकार्ड एवं उनके आधार कार्ड इत्यादि रिकॉर्ड मंगवाकर उनका चरित्र सत्यापन भी करवाया जा रहा है, जिनका आपराधिक रिकार्ड हो, उनकों नाकों से हटवाने हेतु नाका मैनेजर से समन्वय स्थापित कर हटवाने का प्रयास किया जायेगा। पुलिस अधीक्षक ने कहा है कि इस सम्बन्ध में जिले के सभी वृत्ताधिकारियों, थानाधिकारियों को भी निर्देशों की सख्ती से पालना करने हेतु निर्देशित किया गया है, जिनकी पालना नहीं करने वाले वृत्ताधिकारी/थानाधिकारी के विरूद्ध नियमानुसार अनुशासनात्मक कार्यवाही भी अमल में लाई जावेगी। उन्होने जानकारी देते हुए बताया कि जिले में अवैध बजरी खनन/परिवहन के विरूद्ध माह फरवरी 2023 से जून 2023 तक कार्यवाही करते हुए 145 प्रकरण दर्ज कर 150 आरोपियों को गिरफ्तार कर 158 वाहनों सहित 964 टन बजरी  जब्त की गई है।

Comment / Reply From

You May Also Like

Newsletter

Subscribe to our mailing list to get the new updates!