बीकानेर की घटना पर बोले- अशोक गहलोत, राजस्थान अब और चीखें नहीं सुन सकता, जवाब दीजिए मुख्यमंत्री जी
जयपुर। राजस्थान के पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने कहा है कि बीकानेर के रणजीतपुरा में परीक्षा देने जा रही नाबालिग छात्रा के साथ अपहरण, दुष्कर्म और फिर निर्मम हत्या की रोंगटे खड़े कर देने वाली घटना ने मानवता को शर्मसार कर दिया है। यह केवल एक अपराध नहीं, बल्कि राजस्थान के माथे पर गहरा कलंक है। गहलोत ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर लिखा कि प्रदेश में 'पर्ची सरकार' के आने के बाद कानून व्यवस्था पूरी तरह वेंटिलेटर पर है। आज हालात यह हैं कि हमारी बेटियाँ घर से बाहर कदम रखने से भी डरने लगी हैं। आखिर राजस्थान को अपराध की किस आग में झोंक दिया गया है? उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा जी, कोरी घोषणाओं और फोटोबाजी से बाहर निकलकर प्रदेश की कानून व्यवस्था को संभालिए। मेरी मांग है कि इस प्रकरण के दोषियों को तत्काल गिरफ्तार कर मामले की सुनवाई फास्ट-ट्रैक कोर्ट में की जाए और अपराधियों को ऐसी कठोरतम सजा मिले जो एक नजीर बने। प्रदेश अब और चीखें नहीं सुन सकता। जवाब दीजिए मुख्यमंत्री जी!