अवैध मादक पदार्थों की तस्करी एवं सेवन करने वालों के विरुद्ध विशेष अभियान
जयपुर। विशेष पुलिस आयुक्त (ऑपरेशन्स), जयपुर द्वारा दिए गए निर्देशों की पालना में करण शर्मा, पुलिस उपायुक्त, जयपुर उत्तर के सुपरविजन में जिला जयपुर उत्तर में 22 सितंबर 2026 से 24 सितंबर 2026 तक अवैध मादक पदार्थों की तस्करी, बिक्री एवं सेवन के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई हेतु विशेष अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान सार्वजनिक स्थानों एवं संदिग्ध स्थलों को विशेष रूप से चिह्नित कर सघन चेकिंग एवं निगरानी की गई। स्कूल, कॉलेज, अस्पताल, बस स्टैण्ड, रेलवे स्टेशन के आसपास के क्षेत्र, चाय की थड़ियां/ठेले, अन्य दुकानें तथा पूर्व में चिन्हित संदिग्ध स्थानों को शामिल करते हुए निगरानी रखी गई। थाना स्तर पर आसूचना अधिकारियों एवं विश्वसनीय स्रोतों से प्राप्त सूचनाओं के आधार पर संदिग्ध व्यक्तियों से पूछताछ कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की गई। साथ ही थाना क्षेत्रों में स्थित मेडिकल स्टोरों की विशेष रूप से जांच की गई तथा प्रतिबंधित अथवा अवैध मादक दवाओं की बिक्री पर निगरानी रखी गई। अभियान के दौरान कुल 87 पुलिस टीमें गठित की गईं। इनके द्वारा एनडीपीएस एक्ट में 15 प्रकरण दर्ज कर 15 व्यक्तियों को गिरफ्तार, एनडीपीएस एक्ट के प्रकरणों में पूर्व से वांछित 2 व्यक्तियों को गिरफ्तार, अन्य एक्ट में 15 व्यक्तियों को गिरफ्तार, स्थाई वारंटी/उद्घोषित अपराधी/धारा 209 दप्रय एवं गिरफ्तारी वारंटी में 17 व्यक्तियों को गिरफ्तार, 1 इनामी अपराधी को गिरफ्तार तथा धारा 170 बीएनएसएस एवं अन्य निरोधात्मक कार्रवाई में 127 व्यक्तियों को गिरफ्तार किया गया। इस प्रकार अभियान के दौरान कुल 177 गिरफ्तारियां की गई। अभियान के दौरान 12 ग्राम स्मैक, 97 ग्राम गांजा, 4 ग्राम एमडी, 8,300 रुपये नकद एवं 1 कार जब्त की गई।