निर्वाचन नामावलियों के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण
झालावाड़। विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों की फोटोयुक्त निर्वाचन नामावलियों के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम के तहत मतदाता सूचियों का प्रारूप प्रकाशन 6 जनवरी 2024 को किया गया। इस क्रम में निर्वाचन विभाग के निर्देशानुसार मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ उप जिला निर्वाचन अधिकारी (अतिरिक्त जिला कलक्टर) नरेश कुमार मालव की अध्यक्षता में शनिवार को बैठक का आयोजन किया गया।
बैठक के दौरान उप जिला निर्वाचन अधिकारी ने राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों को पुनरीक्षण कार्यक्रम की जानकारी देते हुए बताया कि 6 जनवरी से 22 जनवरी तक मतदाता सूचियों से संबंधित दावे एवं आपत्तियां प्राप्त की जाएगी। वहीं 20 जनवरी को वार्ड सभा एवं ग्राम सभा में मतदाता सूचियों का पठन किया जाएगा। इसके अतिरिक्त 7 जनवरी एवं 21 जनवरी को दावे एवं आपत्तियां प्राप्त करने की विशेष तिथियां निर्धारित की गई है एवं 8 फरवरी 2024 को मतदाता सूचियों का अंतिम प्रकाशन किया जाएगा।
बैठक में उप जिला निर्वाचन अधिकारी ने राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों से प्रत्येक बूथ पर अपने दल का बूथ लेवल एजेंट आवश्यक रूप से नियुक्त कर उन्हें पुनरीक्षण अभियान अवधि 2024 में सक्रिय सहयोग प्रदान करने हेतु आग्रह किया। साथ ही उन्होंने निर्वाचन विभाग द्वारा वोटर सर्विस पोर्टल एवं वोटर हेल्पलाइन एप्प तथा मतदाता संबंधी सभी जानकारी प्राप्त करने के लिए टोल फ्री नंबर 1950 की जानकारी आमजन को प्रदान करने के लिए अधिक से अधिक प्रचार-प्रसार करने की बात कही। इस दौरान उप जिला निर्वाचन अधिकारी द्वारा सभी राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों को निर्वाचक नामावलियों की सीडी प्रदान की गई।
इस दौरान भारतीय जनता पार्टी से ओम जंागीड़, इण्डियन नेशनल कांग्रेस से मोहम्मद शफीक खान, ओम पाठक, बहुजन समाज पार्टी से कमलेश कुमार रेगर, आम आदमी पार्टी से आरिफ मोहम्मद एवं महावीर गौड़ उपस्थित रहे।