त्वरित न्याय से उपभोक्ता मजबूत बनता है: मनोज मील
झुंझुनू । विश्व उपभोक्ता दिवस पर सूचना केंद्र सभागार में बुधवार को "अक्षय ऊर्जा के जरिए उपभोक्ता सशक्तिकरण" विषय पर संगोष्ठी का आयोजन हुआ। संगोष्ठी की अध्यक्षता करते हुए जिला उपभोक्ता विवाद प्रतितोष आयोग के नवनियुक्त अध्यक्ष मनोज मील ने कहा कि जिले में उपभोक्ता विवाद प्रतितोष आयोग द्वारा उपभोक्ताओं को त्वरित न्याय दिलवाया जाएगा। उन्होंने कहा कि त्वरित न्याय से ही उपभोक्ता मजबूत बनता है। बकौल मनोज मील उपभोक्ता किसी भी वस्तु या सेवा की खरीद करने पर बिल अवश्य लें और किसी भी तरह की धोखाधड़ी होने पर आयोग में अपनी शिकायत दर्ज करवाएं। उन्होंने अक्षय ऊर्जा के महत्व पर भी अपने विचार विस्तार से प्रकट किए। इससे पहले कार्यक्रम के संयोजक और जिला रसद अधिकारी कपिल झाझड़िया ने टोल फ्री नंबर और राज्य सरकार द्वारा उपभोक्ता संरक्षण के लिए किए जा रहे कार्यों की जानकारी दी। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि जिला जनसंपर्क अधिकारी हिमांशु सिंह ने अक्षय ऊर्जा पर विचार व्यक्त करते हुए राज्य सरकार द्वारा सौर ऊर्जा के क्षेत्र में दी जा रही सब्सिडी व योजनाओं के बारे में विस्तार से जानकारी दी। कार्यक्रम के विशिष्ट अतिथि जिला अभिभाषक संघ के पूर्व अध्यक्ष एडवोकेट बाबूलाल ने अपने विचार व्यक्त करते हुए उपभोक्ताओं से जागरूक रहने की अपील की। इस दौरान सहायक जनसंपर्क अधिकारी विकास चाहर भी मंचस्थ रहे। इसके बाद उपभोक्ता आयोग द्वारा नवाचार करते हुए राज्य स्तरीय हेल्पलाइन टोल फ्री नंबर्स के बारे में भी विस्तार से जानकारी दी गई और उपभोक्ता आयोग के सामने किए गये दीवार लेखन का अवलोकन किया। डीएसओ कपिल झाझड़िया ने धन्यवाद ज्ञापित किया।
जिला उपभोक्ता विवाद प्रतितोष आयोग के अध्यक्ष पद पर पहली दफा एडवोकेट कोटे से मनोज मील को नियुक्त करने पर जिला अभिभाषक संघ के अधिवक्ताओं ने प्रसन्नता व्यक्त की। उन्होंने मुख्यमंत्री अशोक गहलोत का आभार जताया।