श्रीगंगानगर: जन आधार के ब्लॉक स्तरीय प्रशिक्षण का आयोजन
श्रीगंगानगर। उपनिदेशक आर्थिक एवं सांख्यिकी श्री सुशील कुमार शर्मा की अध्यक्षता में जन आधार 2.0 के ब्लॉक श्रीगंगानगर के ब्लॉक स्तरीय प्रशिक्षण का आयोजन किया गया। इसमें प्रथम सत्यापनकर्ता ग्रामीण क्षेत्र के ग्राम विकास अधिकारी एवं नगर परिषद श्रीगंगानगर के जन आधार का कार्य करने वाले कार्मिक सम्मिलित हुए। उपनिदेशक, आर्थिक एवं सांख्यिकी, कार्यालय से मास्टर ट्रेनर श्री दीपक कुमार एवं श्रीमती अमनप्रीत कौर, सहायक प्रोग्रामर द्वारा प्रशिक्षण दिया गया। प्रशिक्षण के दौरान यह बताया गया कि जन आधार राजस्थान की ”एक नंबर, एक कार्ड, एक पहचान” पर आधारित सामाजिक आर्थिक डायरेक्टरी है। इस योजना के तहत राज्य के निवासी परिवारों की जन-सांख्यिकीय एवं सांमाजिक-आर्थिक सूचनाओं का डाटाबेस तैयार किया गया है एवं जन आधार के माध्यम से परिवार एवं उसके सदस्यों की पहचान तथा पते के दस्तावेज के रूप में मान्यता प्रदान की गई है। इस योजना के माध्यम राज्य की विभिन्न नकद विभागीय योजनाओं के लाभ पारदर्शी रूप से सीधे ही लाभार्थी के बैंक खाते में तथा गैर-नकद लाभ निवासियों को उनके घर के समीप उपलब्ध करवाया जा रहा है। जनआधार में प्रथम स्तरीय सत्यापनकर्ता के रूप में प्रशिक्षण में जन आधार पोर्टल पर होने वाले नामांकन, परिवर्तन, परिवार विभाजन, सदस्य स्थानान्तरण, सदस्य निरस्तीकरण इत्यादि के वेरिफिकेशन से संबंधित विभिन्न अपडेशन की जानकारी प्रेजेंटेशन के माध्यम से प्रतिभागियों को दी गई। यह भी बताया कि विभिन्न योजनाओं यथा एनएफएसए, पेंशन, आरजीएचएस, स्वावलम्बन योजना (यूडीआईडी कार्ड) इत्यादि की जन आधार में सीडिंग योजना से संबंधित विभाग द्वारा ही की जावेगी, ओपन सेशन के माध्यम से प्रतिभागियों की समस्याओं का निस्तारण किया गया। प्रशिक्षण में जसविन्द्र सिंह ब्लॉक सांख्यिकी अधिकारी, श्रीमती माया रानी सांख्यिकी निरीक्षक, श्री रमेश कुमार सहायक प्रशासनिक अधिकारी, श्री हर्षित कटेवा संगणक उपस्थित रहे।