Dark Mode
श्रीलंका टेस्ट टीम का ऐलान, कुसल मेंडिस को मिली बड़ी जिम्मेदारी

श्रीलंका टेस्ट टीम का ऐलान, कुसल मेंडिस को मिली बड़ी जिम्मेदारी

कोलंबो। श्रीलंका क्रिकेट ने पाकिस्तान के खिलाफ आगामी दो टेस्ट मैचों की सीरीज के लिए 15 सदस्यीय टीम की घोषणा कर दी है। टीम की कमान विकेटकीपर-बल्लेबाज कुसल मेंडिस को सौंपी गई है। वनडे और टी20 टीमों की कप्तानी मिलने के बाद अब वह टेस्ट क्रिकेट में भी नेतृत्व करते नजर आएंगे। इस नियुक्ति के साथ मेंडिस के पास तीनों इंटरनेशनल फॉर्मेट में श्रीलंका की कप्तानी की जिम्मेदारी आ गई है।

श्रीलंका के लिए यह सीरीज वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप के मौजूदा चक्र में अहम होगी। पाकिस्तान की चुनौती के बीच मेंडिस के सामने टीम को सही दिशा देने और टेस्ट फॉर्मेट में बेहतर प्रदर्शन कराने की जिम्मेदारी रहेगी। टेस्ट कप्तान के रूप में यह उनका पहला मौका होगा।

इससे पहले धनंजय डी सिल्वा ने टेस्ट टीम की कप्तानी छोड़ने का फैसला किया था। वह जनवरी 2024 से इस फॉर्मेट में टीम का नेतृत्व कर रहे थे। उन्होंने अगली पीढ़ी को जिम्मेदारी सौंपने की जरूरत पर जोर दिया था। इसके बाद श्रीलंका क्रिकेट की चयन समिति ने बोर्ड मुख्यालय में हुई बैठक के दौरान मेंडिस को नया टेस्ट कप्तान नियुक्त किया।

मेंडिस के पास इस फॉर्मेट का अच्छा अनुभव है। वह अब तक 75 टेस्ट मैचों में 4,836 रन बना चुके हैं। उनके नाम 10 शतक और 23 अर्धशतक दर्ज हैं। मई में उन्हें वनडे और टी20 टीमों की कप्तानी भी सौंपी गई थी। वनडे में उन्होंने चरिथ असलांका और टी20 में दासुन शनाका की जगह ली थी।

घोषित टीम में पथुम निसांका का नाम भी शामिल है, लेकिन पहले टेस्ट में उनका खेलना फिटनेस और मेडिकल मंजूरी पर निर्भर करेगा। टीम के साथ पाकिस्तान रवाना होने से पहले उनका फिट घोषित होना जरूरी है। दूसरी ओर, अंजला बंडारा को पहली बार श्रीलंका की टेस्ट टीम में जगह मिली है। यह उनके करियर के लिए महत्वपूर्ण अवसर होगा।

सीरीज का पहला टेस्ट 9 नवंबर से रावलपिंडी में खेला जाएगा, जबकि दूसरा मुकाबला 17 नवंबर से लाहौर में शुरू होगा। श्रीलंकाई टीम इस दौरे पर नए कप्तान के नेतृत्व में मैदान पर उतरेगी।

पाकिस्तान के खिलाफ टेस्ट सीरीज के लिए श्रीलंका की टीम: कुसल मेंडिस (कप्तान), पथुम निसांका, पसिंदू सोरियाबंदारा, दिनेश चांदीमल, कामिंदू मेंडिस, सोनल दिनुशा, धनंजय डी सिल्वा, अंजला बंडारा, केशरा नुवांथा, प्रभात जयसूर्या, मिलन रथनायका, लाहिरू कुमारा, असिथा फर्नांडो, दिलशान मदुशंका और ईशान मलिंगा।

Comment / Reply From

You May Also Like

Newsletter

Subscribe to our mailing list to get the new updates!