सदर पुलिस थाने में 45 लोगों का स्टाफ हुआ स्वीकृत
बहरोड़। प्रदेश सरकार के बजट घोषणा में बहरोड़ में नया सदर पुलिस थाना खोला गया है। इसके लिए पुलिस विभाग की ओर से आदेश जारी कर सदर पुलिस थाने में 45 लोगों का स्टाफ स्वीकृत किया गया है। जिसमें 1 इंस्पेक्टर, 2 सब इंस्पेक्टर, 4 एएसआई, 5 हेड कांस्टेबल, 30 कांस्टेबल, एक आईटी एक्सपर्ट और दो ड्राइवर के पद स्वीकृत कर शामिल किए हैं। इसके अलावा उन्होंने संसाधन भी स्वीकृत किए हैं। अभी वर्तमान में सदर पुलिस थाना गांव निंभोर में स्थित पुलिस चौकी में संचालित किया जा रहा है। इस थाने के लिए अभी तक कोई अलग से जमीन आवंटित नहीं हुई है। हालांकि टेक्निकल इश्यू के कारण अभी बहरोड़ थाने में ही रिपोर्ट दर्ज की जा रही हैं, लेकिन अधिकांश स्टाफ सदर पुलिस थाने में ही तैनात है। संभावना जताई जा रही है कि पद स्वीकृत होने के बाद जयपुर रेंज आईजी और डीजीपी के निर्देश पर भिवाड़ी एसपी के द्वारा सदर पुलिस थाने में जल्द इंस्पेक्टर लगाया जाएगा। वर्तमान में अभी यहां 1 सब इंस्पेक्टर, 1 एएसआई, 2 हेड कांस्टेबल, और करीब 15 पुलिस जवान इस थाने का संचालन कर रहे हैं।