सत्ता के लिए सांप्रदायिक सौहार्द बिगाड़ने चाहती है राज्य सरकार : दीप्ति
राजसमन्द. विधायक दीप्ति किरण माहेश्वरी ने राज्य सरकार पर सत्ता के लिए सांप्रदायिक सौहार्द बिगाड़ने और कट्टरपंथी जिहादियों को प्रश्रय देने का आरोप लगाया। वे सोमवार को एमड़ी, राज्यावास, भाटोली, और पीपरड़ा के परिभ्रमण में क्षेत्रवासियों से वार्ता कर रही थी।
विधायक दीप्ति माहेश्वरी ने कहा कि बाबा रामदेव के विरुद्ध परिवादी को धोखे में रखकर प्राथमिकी संधारित करना अत्यंत गंभीर घटना है मुख्यमंत्री का पुलिस अधिकारियों को बाबा रामदेव के विरुद्ध कार्यवाही करने का निर्देश देना अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता का गला घोटने के समान है। बाबा रामदेव की टिप्पणियां कट्टरपंथियों और जिहादियों के विरूद्ध थी। कट्टरपंथियों की समर्थक कांग्रेस पार्टी को उनके विरुद्ध कोई भी टिप्पणी करना अच्छा नहीं लगता है। उदयपुर में बजरंग दल के कार्यकर्ता की भरे बाजार में हत्या होना राजस्थान की कानून व्यवस्था पर तमाचा है।
विधायक दीप्ति किरण माहेश्वरी ने अजमेर में बेरोजगार युवाओं पर पुलिस द्वारा लाठी प्रहार करने की निंदा करते हुए कहा कि कांग्रेस सरकार युवाओं के साथ किए गए विश्वासघात के पाप का प्रायश्चित करें। राज्य सरकार की लापरवाही के कारण एक लाख से अधिक युवा बेरोजगारों की नियुक्तियां अटकी हुई है। बेरोजगार युवा प्रदर्शन करते हैं तो, उनकी पिटाई करवाई जाती है।