राज्य स्तरीय कला प्रदर्शनी आज से
मदनगंज-किशनगढ़। किशनगढ़ कला अकादमी के तत्वावधान में राज्य स्तरीय चतुर्थ कला प्रदर्शनी का शुभारंभ रविवार को होगा। अकादमी के अध्यक्ष ओमप्रकाश पायक ने बताया कि कला के संरक्षण एवं संवर्धन के लिए गठित पंजिकृत संस्था किशनगढ़ कला अकादमी के तत्वावधान में त्रिदिवसीय वार्षिक कला प्रदर्शनी का आयोजन मुख्य बाजार में बालाजी के मंदिर के सामने स्थित आचार्य श्री धर्मसागर दिगम्बर जैन शिक्षण संस्थान में किया जाएगा। जिसके उद्घाटन समारोह में मुख्य अतिथि राजस्थान ललित कला अकादमी के अध्यक्ष मूर्तिकार लक्ष्मण व्यास होंगे। तथा अतिथि के रूप में उपखण्ड अधिकारी रामसिंह गूर्जर व तहसीलदार एवं अतिरिक्त मुख्य ब्लॉक शिक्षा अधिकारी अमृतराज सैनी होंगे। अकादमी के सचिव मुकेश कुमावत ने बताया कि प्रदर्शनी में कलाकार वर्ग व विद्यार्थी वर्ग दोनों में पांच- पांच कलाकृतियों को पुरस्कार व पांच-पांच कलाकृतियों को सांत्वना पुरस्कार दिए जाएंगे। इसके अलावा छात्र वर्ग में दो श्रेष्ठ जलरंग की कृतियों को ढाई-ढाई हजार रुपए के दो पुरस्कार व पांच श्रेष्ठ कृतियों को राजकीय कन्या महाविद्यालय अजमेर के ललित कला विभाग की विभागाध्यक्ष डॉ अर्चना द्वारा अपने पिता स्वर्गीय रामसिंह की स्मृति में एक-एक हजार रुपए के पांच पुरस्कार, राजकीय मीरा कन्या महाविद्यालय उदयपुर के सह आचार्य डॉ दीपक साल्वी के द्वारा एक-एक हजार रुपए के दो पुरस्कार दिए जाएंगे। अकादमी के उपाध्यक्ष व्याख्याता राजेश कुमार शर्मा के अनुसार इस प्रदर्शनी में राजस्थान के विभिन्न जिलों से प्राप्त कलाकृतियों को प्रदर्शित किया जाएगा। प्रदर्शनी 31अक्टूबर तक चलेगी तथा तीनों दिन प्रातः 12 बजे से 6 बजे तक दर्शकों के लिए खुली रहेगी। प्रदर्शनी में प्रवेश निशुल्क रहेगा।