कृषि विज्ञान केन्द्र पर भण्डारण जागरूकता कार्यक्रम का हुआ आयोजन
फलोदी। कृषि विज्ञान केन्द्र, फलोदी पर बुधवार 11 अक्टूबर, 2023 को भण्डारण विकास व विनियामक प्राधिकरण, नई दिल्ली के तत्वाधान में भण्डारण विकास विषय पर एक दिवसीय जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में फलोदी, लोहावट व बाप क्षेत्र के विभिनन गांवों के 50 प्रगतिशील किसानों, भण्डारकर्ताओं व दालमील मालिकों ने भाग लिया। राजस्थान राज्य भण्डार व्यवस्था निगम, फलोदी के भण्डार प्रबंधक ओबाराम ने सरकार द्वारा कृषि उत्पादों के भण्डारण के लिए प्रदान की जाने वाली सुविधाओं व कृषि उत्पादों को लम्बे समय तक सुरक्षित रखने के वैज्ञानिक तरीकों के जानकारी दी। कृषि विज्ञान केन्द्र के कीटवैज्ञानिक एवं प्रशिक्षण प्रभारी डॉ. गजानन्द नागल ने बताया कि वायु अवरोधी भण्डार गृह में लम्बे समय तक उत्पादों को सुरक्षित रखा जा सकता है तथा साथ ही उन्होंने भण्डारण में नुकसान पहुंचाने वाले कीटों एवं उनके प्रबंधन के बारे में विस्तृत जानकारी दी। केन्द्र की उद्यान वैज्ञानिक डॉ. प्रियंका कटारा ने कृषकों को मसालीय फसलों, फल व सब्जियों के सुरक्षित भण्डारण हेतु जानकारी दी। पशुपालन वैज्ञानिक प्रियंका कायथ ने कृषकों को कृषि उत्पादों को सरकारी व पंजीकृत भण्डार गृहों में रखकर रसीद प्राप्त करने व कृषि विभाग के कृषि पर्यवेक्षक गुरुसेवक सिंह ने स्वयं सहायता समूह बनाकर गांव-गांव में भण्डार गृह खोलने व संचालित करने के सुझाव दिए । प्रशिक्षण के पश्चात् कार्यक्रम में पधारे सभी प्रतिभागियों को राजस्थान राज्य भण्डार व्यवस्था निगम, फलोदी पर शैक्षिणक भ्रमण करवाया गया।