सामर्थ्य ग्लोबल एक्सीलेंस अवार्ड-2023 व दिव्यांग सशक्तिकरण समारोह
सामर्थ्य ग्लोबल एक्सीलेंस अवार्ड आज
झालावाड़ । सामर्थ्य सेवा संस्थान, झालावाड़ द्वारा आयोजित सामर्थ्य ग्लोबल एक्सीलेंस अवार्ड-2023 व दिव्यांग सशक्तिकरण समारोह का आयोजन दिनांक 26 मार्च 2023, रविवार को झालावाड़ के एक निजी होटल में प्रातः 10ः30 बजे से उमाशंकर शर्मा, राज्य आयुक्त निःशक्तजन (राज्यमंत्री) राजस्थान सरकार एवं मीनाक्षी चन्द्रावत, उपाध्यक्ष समाज कल्याण बोर्ड, राजस्थान सरकार के आतिथ्य में आयोजित किया जावेगा।
सामर्थ्य सेवा संस्थान की अध्यक्ष डॉ. सुषमा पाण्डये ने शुक्रवार को एक निजी होटल में आयोजित प्रेस वार्ता में बताया कि-सामर्थ्य ग्लोबल एक्सीलेंस अवार्ड-2023 व दिव्यांग सशक्तिकरण के चतुर्थ समारोह के अवसर पर दिव्यांगता के क्षेत्र में अपना योगदान देने वाले देश व देश के बाहर से भी बड़ी संख्या में आवेदन प्राप्त हुए है। इनमें समय अवधि 28 फरवरी 2023 तक प्राप्त हुए आवेदनों का चयन समिति के चेयरमैन लोकेश कुमार शर्मा, अतिरिक्त जिला एवं सेशन न्यायाधीश, डॉ. सत्यनारायण वाईस चेयरमैन, डीन एस.के.डी. यूनिवर्सीटी हनुमानगढ़, सामर्थ्य सेवा संस्थान की अध्यक्ष डॉ. सुषमा पाण्डेय व इतिहासकार ललित शर्मा ने कार्य एवं उपलब्धियों के आधार पर 57 अवार्डी का चयन किया है।
संस्थान के संस्थापक चेयरमैन डॉ. रामजी चन्द्रवाल ने बताया कि दिव्यांगता के क्षेत्र से जुडे दिव्यांग खिलाड़ी, अभिभावक, दिव्यांग सामाजिक कार्यकर्ता, पुनर्वास, प्रोफेशनल्स सलाहकार, विशेष शिक्षक, रचनात्मक व्यक्तित्व, कला, संस्कृति, इतिहास, समाजसेवी आदि को प्रोत्साहित कर दिव्यांगों के जीवन में खुशियों की बाहर लाये- यही संस्था का मुख्य उद्देश्य है। संस्थान अन्य क्षेत्रो में भी अपनी भागीदारी सुनिश्चित करता रहा है। संस्थान के माध्यम से समय-समय पर निःशुल्क फिजियोथेरेपी का आयोजन, दिव्यांगों को सहायक उपकरण उपलब्ध कराने में सहयोग करना, स्पोर्ट्स कीट वितरण करना, स्वेटर वितरण, पौधारोपण, कोरोना वारियर सम्मान, रोजगार केम्प सहभागिता, दिव्यांगता जागरूकता रैली, खेल शिविर के माध्यम से दिव्यांगजन स्वास्थ्य परीक्षण तथा फिजियोथेरेपी शिविर आदि का आयोजन संस्था से निःस्वार्थ भाव से जुडे हुए सदस्यों एवं भामाशाह के माध्यम से समय-समय पर सम्पन्न किया जाता है।
संस्थान के मुख्य संरक्षक डॉ. प्रेमचन्द सुमन ने बताया कि - सामर्थ्य सेवा संस्थान दिव्यांगों के सशक्तिकरण, उनके अधिकारों के प्रति जागरूकता लाने, दिव्यांगजन अभिभावकों की सकारात्मक प्रेरणात्मक संदेश समाज की मुख्य धारा से जोड़ना व बाधा रहित वातावरण प्रदान करना, संस्थान के प्राथमिक कार्यो में सम्मिलित है।
संस्थान के सचिव के.आर. हिमांशु ने बताया कि अवार्ड समारोह में कुल 57 आवेदकों का चयन कर उनको सम्मानित करने का निर्णय किया है। सामर्थ्य सेवा संस्थान के इस सफर में संस्थान सभी सम्मानित भामाशाहों, सदस्यों का आभार प्रकट करता है जिन्होंने निःस्वार्थ, परोपकार, सेवाभाव, तन, मन, धन से संस्थान को दिव्यांग कल्याणार्थ सिंचित किया, आईये-जुडिये, सामर्थ्य सेवा संस्थान से और दिव्यांगजन विकास हेतु भागीदार बनिये।