विश्व सामाजिक न्याय दिवस पर विद्यार्थी हुए जागरूक
पाली । माननीय राजस्थान राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, जयपुर के निर्देशानुसार एवं अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण एवं जिला एवं सेशन न्यायाधीश, पाली के आदेशानुसार सोमवार को सेन्ट्रल एकेडमी, पाली विश्व सामाजिक न्याय दिवस के अवसर पर विधिक साक्षरता शिविर का आयोजन किया गया।
शिविर में अपर जिला न्यायाधीश पाली प्राधिकरण सचिव देवेन्द्रसिंह भाटी ने बताया कि विश्व सामाजिक न्याय दिवस सामाजिक न्याय को बढावा देने की आवश्यकता को पहचानने वाला एक अन्तर्राष्ट्रीय दिवस हैं, जिसमें गरीबी, बहिष्करण, लैंगिंक असमानता, बेरोजगारी, मानवाधिकारों और सामाजिक सुरक्षा जैसे मुद्दों से निपटने के प्रयास शामिल हैं। भाटी ने लैगिंक समानता एंव लैंगिक न्याय के बारे में चर्चा करते हुए समाज में व्याप्त विभिन्न सामाजिक कुरीतियों एवं उनके उन्मूलन बाबत् की जाने वाली कार्यवाही से अवगत कराया।
भाटी ने बताया कि जागरूकता की कमी एंव असमानता के कारण पुरूषों एवं महिलाओं में भेदभाव किया जाता हैं उन्हें शिक्षा, नौकरी, उनके भविष्य के चुनाव आदि के बारे में भी असमानताओं का सामना करना पडता हैं। इस बाबत् समय समय पर आमजन को जागरूक करने हेतु वर्ष में माह फरवरी एवं सितम्बर में सामाजिक न्याय दिवस का आयोजन किया जाता हैं। इसके अतिरिक्त भाटी द्वारा कन्या भ्रूण हत्या, बाल विवाह, बालिका शिक्षा, बेटी बचाओ बेटी पढाओं, विधिक सेवा प्राधिकरण के विभिन्न आयामों यथा मध्यस्थता, निःशुल्क विधिक सहायता, लोक अदालत आदि के बारे में भी जानकारी प्रदान की। सचिव भाटी ने शिविर में उपस्थित विद्यार्थियों से समाज में भेदभाव नही करने, कुरीतियों को दूर करने एवं राष्ट्र को समानता एवं प्रगति की ओर अग्रसर करने में अग्रणी भूमिका निभाने का आव्हान किया। इस दौरान विद्यालय स्टॉफ सुभा जोशी, लुबना नसीम, सोनू चौहान, सज्जन कंवर, दीपा मनवानी, इन्द्रजीतिंसंह, गौरव बोहरा, प्रदीप नाथ, महि संखेला सहित विद्यार्थीगण उपस्थित रहे।
इसी क्रम में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, पाली के बैनर तले नर्सरी विभाग में चल रहे इंदिरा गांधी शहरी रोजगार गारंटी योजना में कार्य कर रहे श्रमिकों के संग विधिक जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में पैरालीगल वॉलियन्टर मांगीलाल तंवर ने बताया कि दुनिया में लोगों के बीच नस्ल, वर्ग, लिंग, धर्म, संस्कृति, भेदभाव, बेरोजगारी जैसे कई तरह के भेदभाव उत्पन्न हो रहे हैं, जो कि लोगों के बीच एक दूरी का कारण बन गया हैं। तंवर ने शहरी नरेगा श्रमिकों के अधिकार, महिला सशक्तिकरण, जल संरक्षण, पर्यावरण प्रदूषण एवं सरंक्षण, विधिक सेवा प्राधिकरण के मध्यस्थता कानून, राजस्थान पीडित प्रतिकर स्कीम, लोक अदालत इत्यादि के संबंध में जानकारी दी। शिविर में 80 नरेगा श्रमिकों ने भाग लिया। विश्व सामाजिक न्याय दिवस के अवसर पर ताल्लुकाओं में भी विभिन्न जागरूकता कार्यक्रमों का आयोजन किया गया।
विद्यार्थियों ने पोस्टर पेंटिंग, निबंध प्रतियोगिताओं में भाग लेकर सामाजिक न्याय का दिया संदेश
’’सामाजिक न्याय संवैधानिक लक्ष्यों में महत्वपूर्ण’’ अभियान के तहत आज सेन्ट्रल एकेडमी, पाली में विद्यार्थियों के मध्य पोस्टर पेंटिंग एवं निबंध प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया, जिसमें विद्यार्थियों द्वारा समाज में व्याप्त भेदभाव दूर करने एवं राष्ट्रीय एकता का संदेश दिया। पोस्टर पेंटिंग प्रतियोगिता में प्रथम स्थान पर माया, द्वितीय स्थान पर युवराज चौहान, तृतीय स्थान पर प्रियांशी किरण रहे। वहीं निबंध प्रतियोगिता में हर्ष गहलोत ने प्रथम स्थान, आदित्य शर्मा ने द्वितीय एवं अदिति जैन ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्तकर्ताओं को प्राधिकरण सचिव श्री देवेन्द्र सिंह भाटी अपर जिला न्यायाधीश द्वारा पुरस्कृत कर प्रोत्साहित किया गया।