Dark Mode
जाधवपुर यूनिवर्सिटी में स्टूडेंट की मौत, 2 छात्र गिरफ्तार

जाधवपुर यूनिवर्सिटी में स्टूडेंट की मौत, 2 छात्र गिरफ्तार

रैगिंग में शामिल होने का आरोप; हॉस्टल की दूसरी मंजिल से गिरा था फर्स्ट ईयर स्टूडेंट


कोलकाता . पश्चिम बंगाल की जाधवपुर यूनिवर्सिटी में स्टूडेंट की मौत के मामले में पुलिस ने रविवार को दो छात्रों को गिरफ्तार किया है। इन पर मृतक की रैगिंग में शामिल होने का आरोप है। इससे पहले पुलिस ने यूनिवर्सिटी के एक पूर्व छात्र को भी गिरफ्तार किया था, जो गैर-कानूनी तरीके से हॉस्टल में रह रहा था।

कोलकाता में स्थित जाधवपुर यूनिवर्सिटी में 9 अगस्त को एक 18 साल के स्टूडेंट की हॉस्टल की दूसरी मंजिल से गिरने के बाद मौत हो गई थी। मृतक स्वपनदीप कुंडू के परिवार वालों ने आरोप लगाया था कि हॉस्टल में रहने वाले कुछ लोग उसकी मौत के लिए जिम्मेदार हैं। पूर्व छात्र ने पूछताछ में बताए नाम
पुलिस ने 11 अगस्त को यूनिवर्सिटी के पूर्व छात्र सौरव चौधरी को गिरफ्तार किया था। पुलिस उसे ही मुख्य आरोपी मान रही है। सौरव ने ही पूछताछ में बाकी दोनों स्टूडेंट्स के बारे में बताया था, जिन्हें आज गिरफ्तार किया गया।

सेकेंड ईयर इकोनॉमिक्स का स्टूडेंट दीपशेखर दत्ता और सेकेंड ईयर सोशियोलॉजी का स्टूडेंट मनोतोष घोष स्वपनदीप के हॉस्टल में ही रहते थे। उसके बालकनी से गिरने के दौरान ये दोनों हॉस्टल में मौजूद थे।

पुलिस ने कहा है कि दोनों स्टूडेंट्स को आज कोर्ट में पेश किया जाएगा। इसके बाद उनसे पूछताछ कर मामले में शामिल अन्य लोगों का पता लगाया जाएगा।बिना कपड़ों में छत से गिरा था स्वपनदीप
घटना के बाद हॉस्टल में रह रहे अन्य छात्रों ने बताया था, '9 अगस्त की रात हमें छत से कुछ गिरने जैसी जोर की आवाज आई। हमने जाकर देखा तो स्वपनदीप जमीन पर खून से लथपथ पड़ा हुआ था। हम लोग उसे इलाज के लिए केपीसी मेडिकल कॉलेज लेकर गए। वहां उसने सुबह 4:30 बजे इलाज के दौरान दम तोड़ दिया।

पुलिस के मुताबिक छात्र जब छत से गिरा तो वह बिना कपड़ों के था। छात्र के शरीर पर चोट के निशान भी दिखाई दे रहे थे।

परिवार वाले बोले- बेटे के साथ रैगिंग हुई
छात्र के परिजनों ने स्वपनदीप के साथ रैगिंग होने का आरोप लगाया। उन्होंने बताया- उसने बुधवार को फोन किया था, वह कॉलेज में पहली क्लास अटेंड करने के बाद खुश था। लेकिन हॉस्टल में रुकने के बाद किसी बात से डर रहा था। उसने कहा कि मुझे वापस घर ले जाओ। इस वजह से हम 10 अगस्त को यूनिवर्सिटी जाने वाले थे, लेकिन उससे पहले ही स्वपनदीप की मौत हो गई।

Comment / Reply From

Newsletter

Subscribe to our mailing list to get the new updates!