Dark Mode
सुआरेज का डबल धमाका, इंटर मियामी ने रोमांचक मुकाबले में शिकागो फायर को हराया

सुआरेज का डबल धमाका, इंटर मियामी ने रोमांचक मुकाबले में शिकागो फायर को हराया

मियामी। इंटर मियामी ने मेजर लीग सॉकर (एमएलएस) के रोमांचक मुकाबले में शिकागो फायर एफसी को 3-2 से हराकर लगातार पांचवीं जीत अपने नाम की। टीम की जीत के सबसे बड़े हीरो अनुभवी स्ट्राइकर लुइस सुआरेज रहे, जिन्होंने दो शानदार गोल दागे। वहीं, युवा मिडफील्डर प्रेस्टन प्लैम्बेक ने अंतिम मिनटों में विजयी गोल कर मुकाबला इंटर मियामी की झोली में डाल दिया।

मुकाबले की शुरुआत शिकागो फायर के पक्ष में रही। 18वें मिनट में इंटर मियामी के एक आत्मघाती गोल की बदौलत मेहमान टीम ने 1-0 की बढ़त बना ली। हालांकि, घरेलू टीम ने जल्द ही वापसी की और 26वें मिनट में मिले पेनल्टी मौके को सुआरेज ने गोल में बदलते हुए स्कोर 1-1 कर दिया।

दूसरे हाफ में इंटर मियामी ने आक्रामक अंदाज अपनाया। 51वें मिनट में जर्मन बर्टेराम के शानदार बैकहील असिस्ट पर सुआरेज ने अपना दूसरा गोल दागकर टीम को बढ़त दिला दी। इस गोल के साथ एमएलएस रेगुलर सीजन में उनके आठ गोल पूरे हो गए। पिछले दो लीग मुकाबलों में वह कुल पांच गोल कर अपनी बेहतरीन फॉर्म का परिचय दे चुके हैं।

शिकागो फायर ने 67वें मिनट में पुसो डिथेजाने के गोल की मदद से मुकाबले को फिर 2-2 की बराबरी पर ला दिया। लेकिन मैच के अंतिम चरण में इंटर मियामी ने एक बार फिर बढ़त हासिल कर ली। 69वें मिनट में मैदान पर उतरे युवा खिलाड़ी प्रेस्टन प्लैम्बेक ने 87वें मिनट में सुआरेज के शॉट से मिले रिबाउंड पर गोल कर टीम को 3-2 की यादगार जीत दिला दी। यह एमएलएस और इंटर मियामी के लिए उनका पहला गोल भी रहा।

इस मुकाबले में सुआरेज ने व्यक्तिगत उपलब्धि भी हासिल की। उन्होंने इंटर मियामी के लिए सभी प्रतियोगिताओं में 100 मैच पूरे किए और क्लब के लिए 50 गोल का आंकड़ा भी छू लिया। वह इंटर मियामी के इतिहास में यह उपलब्धि हासिल करने वाले केवल दूसरे खिलाड़ी बन गए हैं।

Comment / Reply From

You May Also Like

Newsletter

Subscribe to our mailing list to get the new updates!