Dark Mode
सुरक्षित मातृत्व अभियान के 10 साल पूरे, गर्भवती महिलाओं को मिला विशेष स्वास्थ्य लाभ

सुरक्षित मातृत्व अभियान के 10 साल पूरे, गर्भवती महिलाओं को मिला विशेष स्वास्थ्य लाभ

Jaipur : प्रधानमंत्री सुरक्षित मातृत्व अभियान के 10 वर्ष पूरे होने के अवसर पर जयपुर जिले में विशेष स्वास्थ्य सत्रों का आयोजन किया गया। भारत सरकार के निर्देशानुसार आयोजित इस अभियान का उद्देश्य गर्भवती महिलाओं को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना और सुरक्षित मातृत्व के प्रति जागरूकता बढ़ाना रहा।

जिले के विभिन्न चिकित्सा संस्थानों में आयोजित विशेष शिविरों के दौरान विशेषज्ञ चिकित्सकों ने गर्भवती महिलाओं की प्रसवपूर्व जांच की। जांच के दौरान रक्तचाप, रक्त शर्करा, हीमोग्लोबिन स्तर, वजन, लंबाई, एचआईवी जांच तथा गर्भस्थ शिशु की हृदय गति सहित अन्य आवश्यक स्वास्थ्य परीक्षण किए गए।

मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी जयपुर प्रथम डॉ. रवि शेखावत और जयपुर द्वितीय डॉ. मनीष मित्तल ने बताया कि अभियान के तहत महिलाओं को मां वाउचर योजना का लाभ भी दिया गया, जिससे वे निर्धारित केंद्रों पर सोनोग्राफी जैसी आवश्यक सेवाएं प्राप्त कर सकें। साथ ही एनीमिया से पीड़ित गर्भवती और धात्री महिलाओं को फेरिक कार्बोक्सी माल्टोज इंजेक्शन भी लगाए गए।

स्वास्थ्य अधिकारियों ने बताया कि शिविरों में महिलाओं को गर्भावस्था के दौरान स्वयं और गर्भस्थ शिशु की देखभाल से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारी दी गई। इसके अलावा आयरन, फोलिक एसिड, कैल्शियम तथा अन्य आवश्यक दवाइयों का वितरण भी किया गया।

अभियान के दौरान पोषण पर विशेष जोर दिया गया। चिकित्सा कर्मियों ने गर्भवती महिलाओं को संतुलित और पौष्टिक आहार के महत्व के बारे में जानकारी दी तथा स्वस्थ गर्भावस्था के लिए नियमित जांच और चिकित्सकीय सलाह का पालन करने की अपील की।

जिला और ब्लॉक स्तर पर अभियान की निगरानी भी की गई, ताकि सभी पात्र महिलाओं तक स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ प्रभावी ढंग से पहुंचाया जा सके। स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों ने इसे मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य को मजबूत बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल बताया।

Comment / Reply From

You May Also Like

Newsletter

Subscribe to our mailing list to get the new updates!