Dark Mode
जून में म्यूचुअल फंड निवेश में उछाल, मिडकैप फंड्स रहे निवेशकों की पहली पसंद

जून में म्यूचुअल फंड निवेश में उछाल, मिडकैप फंड्स रहे निवेशकों की पहली पसंद

मुंबई। जून 2026 में इक्विटी म्यूचुअल फंड्स में निवेशकों की दिलचस्पी और बढ़ी है। एसोसिएशन ऑफ म्यूचुअल फंड्स इन इंडिया (एएमएफआई) द्वारा जारी ताजा आंकड़ों के मुताबिक, इक्विटी म्यूचुअल फंड्स में निवेश मई की तुलना में 26 प्रतिशत बढ़कर 28,973 करोड़ रुपये पहुंच गया। मई में यह आंकड़ा 22,907 करोड़ रुपये था।

इक्विटी फंड्स की विभिन्न श्रेणियों में मिडकैप फंड्स निवेशकों की पहली पसंद बनकर उभरे। इस श्रेणी में सबसे अधिक 6,090 करोड़ रुपये का निवेश आया। इसके बाद स्मॉलकैप फंड्स में 5,602 करोड़ रुपये और फ्लेक्सी कैप फंड्स में 5,231 करोड़ रुपये का निवेश दर्ज किया गया।

इसके अलावा लार्ज एंड मिडकैप फंड्स में 4,321 करोड़ रुपये, मल्टीकैप फंड्स में 3,070 करोड़ रुपये और लार्जकैप फंड्स में 2,067 करोड़ रुपये का निवेश हुआ। वहीं, फोकस्ड फंड्स में 1,118 करोड़ रुपये, सेक्टोरल और थीमेटिक फंड्स में 1,469 करोड़ रुपये तथा वैल्यू/कॉन्ट्रा फंड्स में 686 करोड़ रुपये का इनफ्लो दर्ज किया गया।

हालांकि, सभी श्रेणियों में निवेश सकारात्मक नहीं रहा। जून के दौरान ईएलएसएस फंड्स से 634 करोड़ रुपये और डिविडेंड यील्ड फंड्स से 49 करोड़ रुपये की निकासी दर्ज की गई।

दूसरी ओर, डेट म्यूचुअल फंड्स से निवेशकों की निकासी लगातार जारी रही। जून में इस श्रेणी से करीब 1.09 लाख करोड़ रुपये का आउटफ्लो हुआ, जो मई में दर्ज 96,948 करोड़ रुपये से भी अधिक है। सबसे ज्यादा 42,293 करोड़ रुपये की निकासी लिक्विड फंड्स से हुई। इसके बाद लो ड्यूरेशन फंड्स से 16,484 करोड़ रुपये और मनी मार्केट फंड्स से 10,595 करोड़ रुपये निकाले गए।

वैकल्पिक निवेश साधनों में भी अच्छी गतिविधि देखने को मिली। जून के दौरान गोल्ड ईटीएफ में 3,443 करोड़ रुपये का निवेश आया, जबकि अन्य ईटीएफ में 13,237 करोड़ रुपये का इनफ्लो दर्ज किया गया। हालांकि, इंडेक्स फंड्स से 58 करोड़ रुपये की निकासी हुई।

लगातार निवेश बढ़ने से देश के म्यूचुअल फंड उद्योग का कुल एसेट अंडर मैनेजमेंट (AUM) 30 जून 2026 तक बढ़कर 82.22 लाख करोड़ रुपये से अधिक हो गया। वहीं, पूरे जून महीने में औसत एसेट अंडर मैनेजमेंट (AAUM) 84.18 लाख करोड़ रुपये दर्ज किया गया, जो निवेशकों के बढ़ते भरोसे को दर्शाता है।

Comment / Reply From

You May Also Like

Newsletter

Subscribe to our mailing list to get the new updates!