पंचायत समिति, तहसील कार्यालय के साथ सीएचसी का औचक निरीक्षण
-
आमजन से जुड़े कार्यों का करें शीघ्रता के साथ गुणवत्तापूर्ण निस्पादन: जिला कलक्टर
बालोतरा। जिला कलक्टर सुशील कुमार यादव गुरुवार को समदड़ी के दौरे पर रहे। जिला कलक्टर सुशील कुमार यादव ने गुरुवार को समदड़ी पंचायत समिति, तहसील कार्यालय एवं सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण दौरान जिला कलक्टर ने पंचायत समिति के विविध शाखा, पंजीयन शाखा रिकॉर्ड, भू-अभिलेख शाखा का निरीक्षण किया। उन्होंने राजस्व कार्यों का फीडबैक लेते हुए कार्य व्यवस्थाओं को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। इस दौरान तहसीलदार हनवंत सिंह देवड़ा और नायब तहसीलदार हिमताराम व कर्मचारी उपस्थित रहे। जिला कलक्टर सुशील कुमार यादव ने तहसील कार्यालय में निरीक्षण के दौरान सभी शाखाओं के प्रभारियों से उनके द्वारा किए जा रहे कार्यों की जानकारी प्राप्त की तथा शीघ्र कार्य संपादित करने के निर्देश दिए। उन्होंने पंचायत समिति समदड़ी के स्वीकृत विकास कार्यों को शीघ्र प्रारंभ कर पूर्ण करवाने के निर्देश दिए। निरीक्षण के अगले चरण में जिला कलक्टर सुशील कुमार यादव ने समदड़ी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान जिला कलक्टर ने ओपीडी, प्रयोगशाला, एक्स रे कक्ष, निःशुल्क दवा वितरण केन्द्र, वार्ड, ऑपरेशन थियेटर का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने ओपीडी केन्द्र पर मरीजों की अधिक संख्या को देखते हुए अतिरिक्त कार्मिक नियुक्त करने के निर्देश दिए। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र प्रभारी शिवमंगल नांगल को में नियमित साफ- सफाई करने एवं सीएचसी परिसर में एक जगह पानी भराव पाया गया जिसे सही करने के निर्देश दिए। निरीक्षण दौरान जिला कलक्टर यादव ने मरीजों से वार्ता कर मिल रही स्वास्थ्य सेवाओं का फीडबैक लिया। निरीक्षण के दौरान बीसीएमओ, चिकित्सक एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।