महंगाई राहत शिविर का किया औचक निरीक्षण
रतनगढ़ । चुरू जिला कांग्रेस कमेटी के निवर्तमान जिलाध्यक्ष भंवरलाल पुजारी ने नगरपालिका के टाउन हॉल में चल रहे महंगाई राहत शिविर व प्रशासन शहरों के संग अभियान का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण में पुजारी ने विभिन्न विभागों की सभी डेस्क पर जाकर विभिन्न योजनाओं की कार्य स्थिति के बारे में जायजा लिया। शिविर में उपस्थित लाभार्थियों व वार्ड पार्षदों ने महंगाई राहत शिविर में चल रही खामियों के बारे में पुजारी को अवगत कराया तथा वार्ड पार्षदों ने शिविर में नगरपालिका ईओ अभय कुमार मीणा की अनुपस्थिति पर रोष व्यक्त किया। जिस पर जिलाध्यक्ष पुजारी ने जिला कलेक्टर सिद्धार्थ सिहाग को वस्तुस्थिति से अवगत करवाया तथा महंगाई राहत केम्प में जनहित के कार्य ज्यादा से ज्यादा हो इस हेतु अधिशासी अधिकारी को कैंप में उपस्थित रहने के लिए पाबन्द करने की बात कही। पुजारी ने बताया कि यशस्वी मुख्यमंत्री अशोक गहलोत की मंशा है कि महंगाई राहत शिविरों व प्रशासन शहरों के संग अभियान के माध्यम से जरूरतमन्दो को ज्यादा से ज्यादा लाभ मिले।इस अवसर पर प्रधान प्रतिनिधि इंद्राज खीचड़, पालिका उपाध्यक्ष शाहरुख खान, पार्षद मनीष मेघवाल, अनिल जीतु सियोता, श्रवण सैनी, मुख्त्यार खान, नूर मोहम्मद साबिर, अब्बास गौरी, रामगोपाल चौधरी पार्षद प्रतिनिधि कयूम गोरी, हनीफ खत्री व अनीता महर्षि आदि उपस्थित थे।