भारत-पाक मैच पर सस्पेंस बरकरार, अगले 24 घंटे में होगा बड़ा फैसला
नई दिल्ली। भारत और पाकिस्तान के बीच होने वाला क्रिकेट मुकाबला हमेशा से ही खेल से कहीं ज्यादा चर्चा का विषय रहा है। टी20 विश्व कप 2026 में 15 फरवरी को प्रस्तावित इस महामुकाबले को लेकर भी फिलहाल असमंजस की स्थिति बनी हुई है। पाकिस्तान के हालिया रुख के बाद फैंस के बीच उत्सुकता और बढ़ गई है।
रविवार को इस मुद्दे पर आईसीसी, पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड और बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड के बीच लाहौर में एक उच्चस्तरीय बैठक हुई। गद्दाफी स्टेडियम में आयोजित यह बैठक पांच घंटे से अधिक समय तक चली। इसमें पीसीबी अध्यक्ष मोहसिन नकवी, आईसीसी उपाध्यक्ष इमरान ख्वाजा और बीसीबी अध्यक्ष अमीनुल इस्लाम मौजूद रहे।
बैठक का मुख्य उद्देश्य भारत-पाकिस्तान मैच से जुड़े विवाद को सुलझाना और टूर्नामेंट के हितों की रक्षा करना था। बांग्लादेश बोर्ड की मौजूदगी को इस बातचीत में अहम माना जा रहा है, क्योंकि इससे संकेत मिला कि आईसीसी सभी पक्षों को एक मंच पर लाने की कोशिश कर रहा है।
सूत्रों के अनुसार, चर्चा के दौरान पाकिस्तान और बांग्लादेश बोर्ड के विचार कई मुद्दों पर मेल खाते नजर आए। वहीं, आईसीसी इस बात को लेकर गंभीर है कि मामला और न बढ़े, क्योंकि भारत-पाक मैच से टूर्नामेंट को सबसे ज्यादा आर्थिक लाभ होता है।
ब्रॉडकास्ट राइट्स, स्पॉन्सरशिप, विज्ञापन और वैश्विक दर्शक संख्या—इन सभी का सीधा संबंध इसी मुकाबले से जुड़ा होता है। अगर यह मैच नहीं होता है, तो इसका असर पूरे ब्रॉडकास्ट पैकेज और सदस्य बोर्ड्स की कमाई पर पड़ेगा।
इसी बीच, पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड ने संकेत दिए हैं कि वह अगले 24 घंटों में भारत के खिलाफ ग्रुप स्टेज मैच को लेकर अपना अंतिम फैसला ले सकता है। इससे पहले पीसीबी पाकिस्तान सरकार से भी सलाह-मशविरा कर सकता है।
गौरतलब है कि इससे पहले 2 फरवरी को प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ से चर्चा के बाद पीसीबी ने भारत के खिलाफ मैच के बहिष्कार की बात कही थी। अब लाहौर बैठक के बाद उम्मीद जताई जा रही है कि जल्द ही स्थिति साफ हो जाएगी।