स्वीप गतिविधियां मतदाताओं को मतदान के प्रति कर रही है जागरूक
टोंक। विधानसभा चुनाव-2023 के मध्यनजर जिला निर्वाचन अधिकारी (कलेक्टर) डॉ. ओम प्रकाश बैरवा के निर्देश एवं सीईओ एवं नोडल अधिकारी स्वीप देशलदान की अध्यक्षता में आयोजित की जा रही स्वीप गतिविधियां जिले के मतदाताओं को अधिकाधिक मतदान के प्रति जागरूक कर रही हैं। साथ ही स्वीप कार्यक्रमों के माध्यम से जिले के मतदाता शत-प्रतिशत मतदान के प्रति जागरूक हो रहे हैं। स्वीप गतिविधियों के तहत बुधवार को जिले के निवाई, पीपलू ,मालपुरा, देवली एवं उनियारा उपखंडों के विभिन्न स्थानों पर सी-विजिल एवं वीएचए ऐप, मतदाता जागरूकता शपथ जैसे कार्यक्रम आयोजित किए गए। इसके साथ हीए मेहंदी प्रतियोगिता, पीले चावल, मानव श्रृंखला, पत्र लेखन, वाद-विवाद प्रतियोगिता, नारा लेखन, आशु भाषण, रंगोली, सेल्फी प्वाइंट, विद्यालय के छात्र-छात्राओं द्वारा लघु नाटिका तथा निबंध जैसी विभिन्न प्रतियोगिताओं के माध्यम से स्वीप की गतिविधियां आयोजित की जाकर 25 नवंबर को होने वाले मतदान दिवस पर अधिकाधिक मतदान करने का संदेश दिया जा रहा है।
पेंटिंग प्रदर्शनी मतदाताओं को कर रही है जागरूक
अजीम प्रेमजी फाउंडेशन में मतदाता जागरूकता के लिए आयोजित पेंटिंग प्रदर्शनी मतदाताओं को 25 नवंबर को अपने मत का प्रयोग करने के लिए जागरूक कर रही है। आमजन चित्रकारों द्वारा बनाई गयी पेंटिंग का अवलोकन कर लोकतंत्र को मजबूत करने के लिए मतदान करने की शपथ ले रहे है। विशेषकर युवा मतदाताओं ने चित्रकला प्रदर्शनी की प्रशंसा की। बनास कलाकार समूह के चित्रकार महेश गुर्जर ने बताया कि प्रदर्शित पेंटिंग युवा, बुर्जुगोंए, महिलाओं, नव-मतदाताओं एवं सभी वर्गों को मतदान के लिए प्रेरित कर रही है। इस दौरान बनास कलाकार समूह के अन्य चित्रकार जसवंत सिंह नरूका, उमेश साहू, नरेंद्र साहू, शेख यावर हबीब, शाहिस्ता खा एवं ताराचंद शर्मा आदि मौजूद रहे।