सरकार के सहयोग से निखरेंगी प्रतिभाएं: झाझड़िया
बीदासर। अन्तरराष्ट्रीय खिलाड़ी पदम भूषण देवेन्द्र झाझड़िया ने कहा है कि सरकार के सहयोग से खेल क्षेत्र ही नहीं अपितु शिक्षा, चिकित्सा व महिला वर्ग का उत्थान होगा व प्रतिभाएं निखरेंगी। सरकार की ओर से सभी क्षेत्रों के उन्न्नयन के लिए भरपूर प्रयासों के साथ अभूतपूर्व अवसर उपलब्ध करवाए जा रहे हैं। पदमभूषण देवेन्द्र झाझड़िया, बीदासर प्रधान संतोष मेघवाल, सुजानगढ़ एडीएम भागीरथ साख ने सोमवार को बीदासर पंचायत समिति की ईंयारा ग्राम पंचायत में आयोजित विकसित भारत संकल्प यात्रा शिविर का अवलोकन किया तथा ग्रामीणों को केन्द्र सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देते हुए अधिकाधिक संख्या में लाभ उठाने की अपील की। झाझड़िया ने कहा कि उज्ज्वला योजना ने महिलाओं की क्षमता को बढ़ाया है। आज महिलाओं के स्वास्थ्य पर चूल्हे के धुएं से पड़ने वाले दुष्प्रभाव से उनका बचाव हुआ है। महिला सशक्तिकरण की शुरूआत रसोई से करने का काम केन्द्र सरकार ने किया है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के विकसित भारत के संकल्प के साथ आयोजित हो रहे इन शिविरों में खेल, शिक्षा सहित अन्य क्षेत्रों में उल्लेखनीय कार्य करने वाली प्रतिभाओं को सम्मानित किया जा रहा है। इससे खेल प्रतिभाओं का मनोबल बढ़ेगा व वे कौशल को निखरते हुए राष्ट्रहित में नए आयाम स्थापित करेंगे। प्रधान संतोष मेघवाल ने कहा कि विकसित भारत संकल्प यात्रा शिविरों में आमजन की सुविधा के लिए 17 योजनाओं से संबंधित विभागों के अधिकारी व कर्मचारी उपस्थित रहकर योजनाओं की प्रक्रिया व दस्तावेज संबंधी सम्पूर्ण जानकारी दे रहे हैं। साथ ही संभावित लाभार्थियों का पंजीकरण किया जा रहा है। ग्रामीणों को इस अवसर का भरपूर लाभ उठाना चाहिए। साथ ही मेडिकल विभाग की टीम द्वारा टीबी, बीपी सहित अन्य जांचे की जाकर आवश्यक परामर्श दिया जा रहा है। यह आमजन की सुविधा में बहुत सहयोगी है। सुजानगढ़ एडीएम भागीरथ साख ने ग्रामीणों को योजनाओं के बारे में विस्तृत जानकारी देते हुए अधिकाधिक संख्या में पंजीकरण की अपील की। इस दौरान पदमभूषण देवेन्द्र झाझड़िया, प्रधान संतोष मेघवाल, एडीएम भागीरथ साख, विकास अधिकारी अभिषेक मीणा, सरपंच हीरा देवी सहित जनप्रतिनिधियों व अधिकारियों ने उज्ज्वला योजना के लाभार्थियों को गैस सिलेण्डर प्रदान किए तथा खेल, शिक्षा, सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुति देने वाली प्रतिभाओं व क्विज में विजेताओं को प्रशस्ति-पत्र व पुरस्कार भेंट कर सम्मानित किया। विकास अधिकारी अभिषेक मीणा ने बताया कि इसी क्रम में बीदासर पंचायत समिति की ऊंटालड़, गिरवरसर व रैड़ा ग्राम पंचायतों में विकसित भारत संकल्प यात्रा शिविरों का आयोजन किया गया।