पान बूथ आवंटन में तमोली समाज को मिले वरीयता
जयपुर। अखिल भारतीय तमोली महासभा के पदाधिकारियों ने जयपुर ग्रेटर नगर निगम की महापौर डॉ सौम्या गुर्जर से मुलाकात कर बूथ आवंटन में तमोली समाज को वरीयता देने की मांग उठाई है। अखिल भारतीय तमोली महासभा के संयुक्त सचिव अविंद महोबिया ने बताया कि पान उत्पादक तमोली समाज जयपुर में पान बूथ आवंटित किए जाने के लिए काफी समय से मांग कर रहा है। तमोली समाज को पान बूथ आवंटन में वरीयता दिए जाने की मांग को लेकर बुधवार को जयपुर ग्रेटर नगर निगम की महापौर डॉ सौम्या गुर्जर को ज्ञापन देकर पान बूथ आबंटन में समाज के लोगों को वरीयता दिए जाने की मांग की है। इस मामले में ग्रेटर नगर नगर निगम की महापौर डा0 सौम्या ने आश्वस्त किया है कि उनकी मांगों पर विचार कर आवश्यक कार्रवाई कराई जाएगी। इस दौरान उनके साथ अखिल भारतीय तमोली महासभा के राष्ट्रीय प्रवक्ता बालकिशन रावत भी मौजूद रहे।