बालिकाओं को सिखाए आत्मरक्षा के नए-नए तरीके
धौलपुर। टाइगर्स मार्शल आर्ट्स संस्थान की ओर निशुल्क बालिका आत्मरक्षा प्रशिक्षण शिविर का आयोजन किया जा रहा है। शिविर के 8वें दिन बालिकाओं को आत्मरक्षा के नए-नए तरीकों के बारे में सिखाया गया। संस्थान के सचिव विक्रांत मुदगल ने बताया कि बालिकाओं को अपने भीतर की शक्ति को पहचानने की आवश्यकता है। वह किसी भी परिस्थिति में अपने आप को अन्य से कमजोर न समझें। इसके साथ ही उन्होंने बताया कि आज प्रशिक्षक विकास बघेला और विनीत शर्मा द्वारा बालिकाओं को जूडो की थ्रो तकनीक, पेन और पानी की बोतल का हथियार के समान उपयोग करके अपनी आत्मरक्षा किस प्रकार करें। इसके बारे में गहनता से प्रशिक्षण दिया। शिविर में संस्थान के कोषाध्यक्ष देवी प्रसाद ने बेटियों को गुड हैबिट्स के बारे बताते हुए कहा कि हम गुड हैबिट्स के द्वारा अपने आप को शारीरिक और मानसिक रूप से स्वस्थ रख सकते हैं। इसके साथ ही उन्होंने शिविर के बारे में जानकारी देते हुए कहा कि जो भी बालिकाएं इस निशुल्क शिविर का लाभ उठाने से वंचित रह गई हैं। वह कल से सुबह 6:15 से 8 बजे तक इन्फेंट स्कूल में आकर भाग ले सकती हैं। इस मौके पर संस्थान अध्यक्ष शिवशंकर गर्ग, प्रशिक्षक भावना कश्यप, नीलम बघेल, मोहिनी बघेल, नेहा कुशवाह, अंशू कुशवाह मौजूद रहे।