शिक्षकों को स्मृति चिन्ह एवं प्रमाण पत्र देकर किया गया सम्मानित
सरवाड़. कस्बे के खिरियां गेट स्थित माली धर्मशाला में एजुकेट गर्ल्स संस्था के तत्वाधान में राष्ट्र निर्माण में शिक्षक की भूमिका थीम पर कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में मुख्य ब्लॉक शिक्षा अधिकारी रामेश्वर जी झारोटिया मुख्य अतिथि, अतिरिक्त मुख्य ब्लॉक शिक्षा अधिकारी सत्येंद्र आचार्य, यूसीईईओ गोपीलाल कीर, शारीरिक शिक्षक गिरधर सिंह राठौड़, व्याख्याता महावीर प्रसाद जी शर्मा, विशिष्ठ अतिाथि थे। मां सरस्वती के समक्ष दीप प्रज्वलित कर एवं पुष्पांजलि अर्पित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया। सत्यनारायण मेघवंशी ने प्रतिवेदन प्रस्तुत किया। इस दौरान वक्ताओं ने बताया कि शिक्षक समाज का आईना होता है। शिक्षक पर ही राष्ट्र निर्माण करने की जिम्मेदारी होती है। शिक्षकों को राष्ट्रहित के कार्य करते रहना चाहिए। बालिका शिक्षा पर जोर देते हुए कहा कि कोई भी बालिका ड्रॉपआउट ना हो बालिकाओं का शिक्षण में उन्नयन होना अति आवश्यक है तभी राष्ट्र विकास कर पाएगा। सफल जीवन और राष्ट्र निर्माण के लिए शिक्षा बहुत उपयोगी है जो हमें गुरू द्वारा प्रदान की जाती है। कार्यक्रम में 45 विद्यालयों के सरकारी शिक्षकों को प्रमाण पत्र एवं स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया। अजमेर से आए टीम रीजनल प्रोग्राम ऑफिसर समीउल्ला खान, बृजेश दाधीच एवं सोनू कुमार ने प्रोजेक्टर के माध्यम से शिक्षा के महत्व पर प्रकाश डाला। एजुकेट गर्ल्स टीम से हेमराज मेघवंशी, वीरेंद्र सिंह, हनुमान गुर्जर, सुखपाल बैरवा, अनीता पुरोहित ,कृष्णा कुमारी आदि सहयोग किया।