शिक्षक नहीं करेंगे गैर शैक्षणिक कार्य
रतनगढ़ । गैर शैक्षणिक कार्य बहिष्कार आंदोलन के तहत राजस्थान शिक्षक संघ शेखावत के "हमें पढ़ाने दो" मुहिम को लेकर शिक्षकों ने बीएलओ कार्य का बहिष्कार कर रखा है। उपखंड अधिकारी कार्यालय में शिक्षकों को जारी स्पष्टीकरण को लेकर ब्लॉक अध्यक्ष महेंद्र शर्मा और ब्लॉक मंत्री भंवरलाल पुनिया के नेतृत्व में प्रदर्शन कर शिक्षकों द्वारा ज्ञापन सौंपा गया। संगठन के प्रांतीय संयुक्त मंत्री शुभकरण नैण और जिला संरक्षक मनमोहन दान चारण ने बताया की निशुल्क बाल शिक्षा अधिकार अधिनियम की धारा 27 की पालना,राज्य के मुख्य सचिव के आदेश की पालना तथा निदेशक शिक्षा विभाग के विभिन्न आदेशों की पालना में राजस्थान का शिक्षक 10 वर्षीय जनगणना,चुनाव के दौरान के कार्य और राष्ट्रीय आपदा के अलावा अन्य प्रकार के गैर शैक्षणिक कार्य करने के लिए बाध्य नहीं है और 26 जनवरी 2023 से राजस्थान के शिक्षकों ने गैर शैक्षणिक कार्यों का बहिष्कार कर रखा है। ब्लॉक संयोजक बजरंग बीसू व रूपेश चौधरी ने बताया की चूरू जिला कलेक्टर और उपखंड अधिकारी को संगठन द्वारा ज्ञापन दिया। अवसर पर प्रताप आचार्य, रतिराम खीचड़, गंगाराम, विजेंद्र पुनिया, शकील अहमद, प्रकाश जाट, कमलेश कुमार, मोहम्मद यूनुस गौरी, नरेंद्र कुमार,कपिल मीणा, सुभाष बाकोलिया,पुरषोत्तम लाल, मदनलाल सहित सैंकड़ों शिक्षक उपस्थित थे।