
भारत में आतंकी हमले की साजिश नाकाम, 5 संदिग्ध गिरफ्तार
नई दिल्ली: दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल और सेंट्रल एजेंसियों ने टेरर मॉड्यूल का भंडाफोड़ किया है। दिल्ली, झारखंड, तेलंगाना और मध्यप्रदेश से 5 संदिग्ध आतंकियों को गिरफ्तार किया है। यह जानकारी स्पेशल सेल के ACP प्रमोद सिंह कुशवाहा ने गुरुवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस में दी। पुलिस ने बताया, झारखंड से दो, दिल्ली से एक, तेलंगाना से एक और मध्यप्रदेश से एक संदिग्ध को अरेस्ट किया गया है। संदिग्ध आतंकियों के पास से सल्फर पाउडर, सल्फ्यूरिक एसिड, नाइट्रिक एसिड, सोडियम बाइकार्बोनेट, बॉल बियरिंगस और सेफ्टी ग्लास, रेस्पिरेटरी मास्क, सर्किट वायर, मदर बोर्ड, लैपटॉप और हथियार मिले हैं। ये सोशल मीडिया के जरिए पाकिस्तानी हैंडलर्स के संपर्क में थे।
पुलिस ने बताया, लीडर का नाम गजवा था
ACP प्रमोद सिंह कुशवाहा ने बताया, "ये लोग एक पाकिस्तानी हैंडलर के संपर्क में थे। उसने इन्हें "खिलाफत मॉडल" अपनाने को कहा था। इन्हें हमलों के लिए एक ठिकाना खोजना था। इसके अलावा और लोगों भी इससे जोड़ने का टास्क दिया गया था।"
"टीम के लीडर दानिश को गजवा नाम दिया गया। उसका कोड नेम था CEO। ये लोग इस काम को प्रोफेशनली अंजाम दे रहे थे।"
"ये पांचों लोग 20 से 25 साल के हैं। दानिश झारखंड से था। इसी ने बाकी लोगों को जोड़ा था। इसके बाद आफताब अंसारी था। ये मुंबई का रहने वाला है। मीट बेचने का काम करता था।"
"आफताब को टारगेटेड किलिंग का काम दिया गया था। ये जब दिल्ली से वापस जाने वाला था तब इसे और इसके साथी सूफियान को अरेस्ट किया गया। इनके एक और साथी कामरान कुरैशी को मध्य प्रदेश के रायगढ़ से पकड़ा गया और एक पांचवें आदमी हुजेफा को तेलंगाना में निजामाबाद से अरेस्ट किया गया।"
सोशल मीडिया के जरिए युवाओं की भर्ती करते थे
दिल्ली पुलिस के सूत्रों ने बताया कि संदिग्ध आतंकी भारत में बड़े आतंकी हमले को अंजाम देने की फिराक में थे। वे सोशल मीडिया का इस्तेमाल भारत में युवाओं को कट्टरपंथी बनाने और उन्हें अपने नेटवर्क में भर्ती करने के लिए करते थे। बिहार में 28 अगस्त को नेपाल के रास्ते 3 पाकिस्तानी आतंकियों ने घुसपैठ की खबर सामने आई थी। पुलिस मुख्यालय ने तीनों की फोटो रिलीज की थीं। सभी के आतंकी संगठन जैश-ए-मोहम्मद से जुड़े होने की खबर है। पुलिस ने जिन आतंकियों की फोटो जारी की है, उनके नाम हसनैन अली, आदिल हुसैन और मोहम्मद उस्मान हैं। बिहार की मोतिहारी पुलिस ने तीनों आतंकियों पर 50 हजार रुपए इनाम की घोषणा की है। बिहार में घुसे तीनों आतंकियों का पासपोर्ट भी सामने आया है। बताया जाता है कि तीनों आतंकी मोतिहारी के रक्सौल बॉर्डर से बिहार में घुसे हैं।