आगामी वित्तीय वर्ष में होगा उप जिला अस्पताल रींगस के भवन का निर्माण- चिकित्सा एवं स्वास्थ्य मंत्री -जल्द मिलेगी आधुनिक ट्रोमा मशीन 'सी-आर्म'
जयपुर। चिकित्सा एवं स्वास्थ्य मंत्री गजेन्द्र सिंह ने मंगलवार को विधानसभा में कहा कि सामुदायिक चिकित्सा केन्द्र से क्रमोन्नत हुए उप जिला अस्पताल रींगस में 21 चिकित्सकों की नियुक्ति की जा चुकी है। मंत्री सिंह ने कहा कि वित्तीय वर्ष 2026-27 में भवन निर्माण तथा उपकरणों की खरीद का कार्य भी शुरू कर दिया जाएगा। साथ ही इसी वित्तीय वर्ष में यहां के लिए आधुनिक ट्रोमा मशीन 'सी- आर्म' की खरीद भी की जाएगी। चिकित्सा एवं स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि उप जिला अस्पताल रींगस में भवन निर्माण तथा उपकरणों की खरीद के लिए लगभग 35 करोड़ रुपये की राशि व्यय की जाएगी। यह राशि केन्द्र तथा राज्य सरकार द्वारा वहन की जाएगी। उन्होंने आश्वस्त किया कि यहां नर्सिंग ऑफिसर्स के रिक्त पदों पर भी शीघ्र नियुक्ति की जाएगी। चिकित्सा एवं स्वास्थ्य मंत्री सिंहप्रश्नकाल के दौरान सदस्य सुभाष मील द्वारा इस संबंध में पूछे गए पूरक प्रश्नों का जवाब दे रहे थे। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा की मंशानुरूप बजट वर्ष 2024-25 में सीकर के सामुदायिक चिकित्सा केन्द्र रींगस को 100 शैय्याओं वाले उप जिला अस्पताल में क्रमोन्नत किया गया है। उन्होंने कहा कि हेल्थ सेंटरों से अस्पतालों के क्रमोन्नयन के उपरांत आमजन की सुविधाओं को मध्यनजर सर्वप्रथम कार्मिकों की नियुक्ति की जाती है। इसके उपरांत ही पर्याप्त संसाधन एवं सुविधाएं विकसित की जाती हैं। इससे पहले विधायक मील के मूल प्रश्न के लिखित जवाब में चिकित्सा एवं स्वास्थ्य मंत्री ने बताया कि सीकर के उप जिला अस्पताल रींगस में उप जिला अस्पताल स्तर की पर्याप्त सुविधाएं व संसाधन उपलब्ध हैं। उन्होंने उपलब्ध सुविधाएं एवं संसाधनों की सूची तथा राजपत्रित एंव अराजपत्रित संवर्ग के स्वीकृत, कार्यरत एवं रिक्त पदों का विवरण सदन के पटल रखा। उन्होंने कहा कि रींगस उप जिला अस्पताल के रिक्त पदों को भविष्य में सीधी भर्ती अथवा पदोन्नति से भरा जा सकेगा।