विधान सभा क्षेत्र गोगुन्दा में मुख्यमंत्री जल स्वावलम्बन अभियान-2.0 के कार्यों की होगी जांच
अनियमितता पाए जाने पर संबंधित अधिकारियों के विरुद्ध होगी ठोस कार्रवाई – पंचायतीराज मंत्री
जयपुर। पंचायतीराज मंत्री श्री मदन दिलावर ने सोमवार को विधानसभा में कहा कि विधान सभा क्षेत्र गोगुन्दा में मुख्यमंत्री जल स्वावलम्बन अभियान-2.0 के तहत स्वीकृत कार्यों में व्यय की गई राशि में अनियमितता की शिकायतों की जाँच कर संबंधित अधिकारियों के विरुद्ध ठोस कार्रवाई की जाएगी। पंचायतीराज मंत्री प्रश्नकाल के दौरान विधायक श्री प्रताप लाल भील द्वारा इस संबंध में पूछे गए पूरक प्रश्नों का जवाब दे रहे थे। उन्होंने कहा कि योजना के अंतर्गत गोगुन्दा में हुए कार्यों में खर्च राशि, स्वीकृत की गई राशि से कम है। इसके पीछे तकमीना बनाने वाले अधिकारी द्वारा सही तकमीना नहीं बनाने अथवा प्रशिक्षक द्वारा तकमीना तैयार करने का समुचित प्रशिक्षण नहीं देने या मौके पर कार्य ही पूरा नहीं किया जाना जैसे कारण हो सकते हैं। उन्होंने सदन में इन कार्यों की जांच का आश्वासन दिया। इससे पहले सदस्य के मूल प्रश्न के लिखित जवाब में पंचायतीराज मंत्री ने बताया कि विधान सभा क्षेत्र गोगुन्दा मे पंचायत समिति बड़गांव, गोगुन्दा, सायरा तथा कोटड़ा में मुख्यमंत्री जल स्वावलम्बन अभियान-2.0 के प्रथम चरण एवम द्वितीय चरण अंतर्गत 36 ग्राम पंचायतो के 80 ग्रामों मे 1754 कार्य स्वीकृत हैं। इन कार्यों पर 15 फरवरी, 2026 तक 982.87 लाख रूपये राशि व्यय की जा चुकी है। इसका पंचायत समितिवार विवरण विवरण उन्होंने सदन के पटल पर रखा।