Dark Mode
विभागीय जांच विभाग आयुक्त ने राजस्थान संपर्क (181) हेल्पलाइन केंद्र का किया निरीक्षण

विभागीय जांच विभाग आयुक्त ने राजस्थान संपर्क (181) हेल्पलाइन केंद्र का किया निरीक्षण

जयपुर। विभागीय जांच विभाग के आयुक्त श्री हिम्मत सिंह बारहठ ने मंगलवार को शासन सचिवालय स्थित राजस्थान संपर्क (181) हेल्पलाइन केंद्र का निरीक्षण किया। उन्होंने संपर्क पोर्टल के डैशबोर्ड पर विभागीय परिवादों की वर्तमान स्थिति की विस्तृत समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने परिवादों के औसत निस्तारण समय, संतुष्टि प्रतिशत एवं लंबित प्रकरणों की स्थिति का अवलोकन करते हुए परिवादों के त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान आयुक्त श्री बारहठ ने सब्जेक्ट कैटेगरी एवं कंप्लेंट नेचर के आधार पर प्राप्त परिवादों की समीक्षा की। उन्होंने सब्जेक्ट कैटेगरी एनालिसिस के माध्यम से आमजन द्वारा विभिन्न विषयों से संबंधित बहुतायत में दर्ज कराए जा रहे परिवादों की प्रवृत्ति को समझा तथा इनका विश्लेषण कर सेवा प्रदायगी में आवश्यक सुधार करने के निर्देश दिए। उन्होंने विशेष रूप से 60 एवं 90 दिवस से अधिक अवधि से लंबित परिवादों की समीक्षा करते हुए ऐसे प्रकरणों को प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण के निर्देश दिए। आयुक्त ने निस्तारित किए गए परिवादों का सत्यापन करने तथा परिवादी की वास्तविक संतुष्टि की जानकारी प्राप्त करने पर भी जोर दिया। श्री बारहठ ने सीपीग्राम एवं मुख्यमंत्री कार्यालय से संबंधित परिवादों के साथ विभागवार प्राप्त शिकायतों की भी समीक्षा की। उन्होंने आमजन द्वारा किसी विशेष विषय से संबंधित बहुतायत में दर्ज कराए जा रहे परिवादों की संपर्क एनालिटिक्स के माध्यम से पहचान कर ऐसे विषयों के स्थायी समाधान की दिशा में कार्य करने के निर्देश दिए। आयुक्त ने संपर्क एआई एनालिटिक्स की कार्यप्रणाली की जानकारी ली तथा इसके माध्यम से प्राप्त आंकड़ों और शिकायतों के विश्लेषण के उपयोग पर चर्चा की। उन्होंने राजस्थान संपर्क हेल्पलाइन के साथ पोर्टल पर परिवाद दर्ज कराने के लिए उपलब्ध अन्य माध्यमों, जैसे व्हाट्सऐप एवं चैटबॉट की भी जानकारी ली। उन्होंने इन वैकल्पिक माध्यमों के संबंध में आमजन को अधिक से अधिक जागरूक करने के निर्देश दिए। इस दौरान श्री बारहठ ने जयपुर जिले के परिवादी बाबूलाल, अजमेर के ताज मोहम्मद सिंह, राजसमन्द के राजू एवं भीलवाड़ा के नवीन सहित विभिन्न जिलों के परिवादियों से संवाद कर उनके प्रकरणों की जानकारी ली तथा उनके फीडबैक के आधार पर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश प्रदान किए। इस अवसर पर राजस्थान संपर्क एवं संबंधित विभाग के अधिकारी उपस्थित रहे। उल्लेखनीय है कि मुख्यमंत्री श्री भजनलाल शर्मा के निर्देशानुसार आमजन की शिकायतों के त्वरित निस्तारण के लिए विभिन्न विभागों के अधिकारी राजस्थान संपर्क हेल्पलाइन (181) कंट्रोल रूम में उपस्थित होकर परिवादियों से सीधे संवाद कर रहे हैं।

Comment / Reply From

You May Also Like

Newsletter

Subscribe to our mailing list to get the new updates!